नशे में बेकाबू हेड कांस्टेबल ने अस्पताल में किया हंगामा, डॉक्टर से की अभद्रता; वीडियो वायरल

Drunken Constable अलीगढ़ में नशे में धुत हेड कांस्टेबल सुनील कुमार ने जिला अस्पताल की इमरजेंसी में हंगामा किया, डॉक्टर से अभद्रता की और ब्रीथ एनालाइजर मशीन छीन ली।
A drunken head constable in Aligarh created chaos in a hospital, misbehaving with doctors, leading to his suspension after the video went viral.
वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Hospital Drama : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में पुलिस विभाग की छवि खराब करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। मलखान सिंह जिला अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल सुनील कुमार शराब के नशे में बेकाबू हो गए। साथी पुलिसकर्मी उन्हें मेडिकल परीक्षण कराने अस्पताल लाए थे, लेकिन वह इमरजेंसी वार्ड में ही हंगामा करने लगे।

वहां मौजूद लोगों ने बताया कि नशे की हालत में कांस्टेबल ने डॉक्टरों से अभद्रता की, उलझने लगे और लगातार बेकार बातें कर रहे थे। डॉक्टर ने जब उनका ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट करने की कोशिश की, तो कांस्टेबल ने मशीन डॉक्टर के हाथ से छीन ली।

घटना का वीडियो वायरल

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसमें हेड कांस्टेबल सुनील कुमार जोर-जोर से चुनौती देते दिख रहे हैं। वह बार-बार कह रहे थे कि "एक हजार लोग भी मिलकर मशीन मेरे हाथ से नहीं ले सकते।" मौके पर मौजूद स्टाफ ने तुरंत अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

वीडियो में कांस्टेबल डॉक्टर को संबोधित करते हुए उसके होंठ पर चोट को लेकर भद्दी टिप्पणियां करते भी दिखाई दिए। अस्पताल स्टाफ इस पूरे घटनाक्रम से डरा और परेशान नजर आया, क्योंकि नशे में कांस्टेबल किसी की बात मानने को तैयार नहीं थे।

हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अलीगढ़ नीरज जादौन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया। एसएसपी ने कहा कि ड्यूटी के दौरान शराब पीना तथा किसी भी नागरिक या डॉक्टर से दुर्व्यवहार पुलिस विभाग में बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल सुनील कुमार का मेडिकल परीक्षण कर लिया गया है और विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

उच्च अधिकारियों ने साफ कहा है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी, चाहे वह कोई भी हो। यह घटना एक बार फिर पुलिस कर्मियों की अनुशासनहीनता पर सवाल खड़े करती है और विभाग को शर्मसार करने वाली है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com