

AC Bird Nest Video : गर्मी के मौसम में एयर कंडीशनर (AC) लोगों के लिए राहत का सबसे बड़ा साधन बन जाता है। लेकिन सोचिए, अगर आपका एसी अच्छी कूलिंग भी कर रहा हो और साथ ही उससे तेज बदबू भी आने लगे तो क्या होगा? ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला पाकिस्तान के कराची से सामने आया है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में दिखाया गया है कि एक परिवार लंबे समय से एसी से आने वाली अजीब और गंदी बदबू से परेशान था। जब समस्या बढ़ी तो उन्होंने एसी की जांच के लिए टेक्निशियन को बुलाया। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि बदबू की असली वजह क्या निकलने वाली है।
टेक्निशियन ने जैसे ही एसी का कवर खोला, अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। एसी के भीतर एक चिड़िया ने अपना पूरा घोंसला बना रखा था। वायरल वीडियो शेयर करने वाली सामिया यूनुस ने बताया कि एसी की कूलिंग बिल्कुल ठीक थी, लेकिन उसमें से लगातार खराब गंध आ रही थी।
जांच करने पर पता चला कि पक्षियों ने उसे अपने रहने की सुरक्षित जगह बना लिया था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके एसी की सर्विसिंग नहीं हो रही थी, बल्कि वह पक्षियों के लिए किसी लग्जरी ठिकाने की तरह इस्तेमाल हो रहा था। वीडियो देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी हैरान हैं कि आखिर एसी के अंदर घोंसला कैसे बन गया।
जब लोगों ने पूछा कि चिड़िया एसी के अंदर पहुंची कैसे, तो सामिया ने बताया कि एसी इंस्टॉल करते समय दीवार में बना एक छोटा छेद बंद नहीं किया गया था। यही रास्ता पक्षी के लिए अंदर आने का जरिया बन गया। धीरे-धीरे उसने वहां घोंसला तैयार कर लिया। वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने इसे एसी की नियमित सर्विसिंग और मेंटेनेंस की अहमियत से जोड़कर देखा।
वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने मजाक में कहा कि यह शायद दुनिया का पहला ऐसा एसी होगा जिसमें पक्षियों ने अपना "Airbnb" खोल लिया था। इस घटना ने लोगों को यह भी याद दिलाया कि एसी की समय-समय पर सफाई और जांच कराना बेहद जरूरी है, क्योंकि कई बार छोटी लापरवाही बड़ी समस्या का कारण बन सकती है।