80 साल की उम्र में पहली बार देखा समंदर, बेटे ने पूरा किया पिता का सपना; भावुक वीडियो वायरल
Father First Time on Beach : 80 साल की उम्र में पहली बार समंदर देखने पहुंचे एक बुजुर्ग की खुशी का वीडियो वायरल हो गया। बेटे ने ओडिशा के चंद्रभागा बीच पर पिता का वर्षों पुराना सपना पूरा किया।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Emotional Viral Video : सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक वीडियो लोगों का दिल जीत रहा है, जिसमें एक 80 वर्षीय बुजुर्ग पहली बार समंदर देखते नजर आ रहे हैं। वीडियो ओडिशा के कोणार्क स्थित चंद्रभागा बीच का बताया जा रहा है। इसे इंस्टाग्राम पर @bhukkhad_musafir हैंडल से साझा किया गया है।
वीडियो में बेटा बताता है कि उसके पिता इससे पहले कभी समुद्र के किनारे नहीं आए थे। जैसे ही वे बीच पर पहुंचते हैं, बुजुर्ग हाथ जोड़कर समुद्र को प्रणाम करते हैं और धीरे-धीरे लाठी के सहारे उसकी ओर बढ़ते हैं। उनके चेहरे पर उत्साह और आंखों में मासूम खुशी साफ दिखाई देती है। यह भावुक पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बेटे ने 80 वर्षीय पिता को पहली बार समंदर दिखाया
वीडियो में आगे दिखता है कि जैसे ही समुद्र की लहरें पहली बार उनके पैरों को छूती हैं, बुजुर्ग झुककर पानी को अपने हाथों से माथे पर लगाते हैं। इसके बाद उनकी खिलखिलाती हंसी हर किसी का दिल छू लेती है। वह अपने बेटे से कहते हैं, “जीवन में इतनी बड़ी और अद्भुत चीज देखना रह गया था। हमने तो सपने में भी ऐसा नहीं देखा था।”
वीडियो के साथ साझा किए गए कैप्शन में बेटे ने लिखा, “80 साल की उम्र में पहली बार समंदर देखा। चेहरे पर मुस्कान थी, आंखों में बचपन। कुछ खुशियां उम्र नहीं देखतीं, बस एक पल का इंतजार करती हैं। पापा की ये मुस्कान हमारी सबसे बड़ी दौलत है।” यह वीडियो लाखों लोगों द्वारा देखा और पसंद किया जा चुका है।
ये खबर भी पढ़ें : दिल्ली में Rapido राइड के दौरान युवती ने लगाया गंभीर आरोप, वायरल वीडियो के बाद उठे महिला सुरक्षा पर सवाल
बुजुर्ग की मासूम खुशी ने जीता लोगों का दिल
वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स भी भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “आज समंदर भी खुश हुआ होगा कि किसी ने उसे श्रद्धा से प्रणाम किया।” दूसरे ने कहा, “आप दुनिया के सबसे अमीर बेटे हैं, क्योंकि आपने अपने पिता की अनकही इच्छा पूरी कर दी।”
कई लोगों ने बुजुर्ग की सादगी और प्रकृति के प्रति सम्मान की भी सराहना की। हालांकि वीडियो की तारीख और इससे जुड़े सभी दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पिता और बेटे के इस भावुक वीडियो ने इंटरनेट पर लाखों लोगों का दिल जरूर जीत लिया।
