केदारनाथ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा टला, खाई में गिरी कार, बाल-बाल बचे 5 यात्री

Kedarnath Route Accident: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तिलवाड़ा से केदारनाथ धाम की ओर जा रही एक कार के साथ हुआ हादसा। जानिए पूरा मामला?
Major accident averted during Kedarnath pilgrimage; car plunges into gorge, 5 passengers have a narrow escape.
कार एक्सीडेंट (सोर्स सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Kedarnath Car Accident: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप केदारनाथ धाम की ओर जा रही एक महिंद्रा एक्सयूवी 700 अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 50 मीटर नीचे नदी किनारे पानी में जा गिरी।

वाहन में सवार पांच यात्रियों को पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जबकि तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।

बचाव दल ने चलाया विशेष अभियान

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह पांच बजे स्थानीय प्रशासन को दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रुद्रप्रयाग पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल, डीडीआरएफ और 108 एम्बुलेंस सेवा की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर नदी किनारे गिरे वाहन तक पहुंचने के लिए विशेष अभियान चलाया।

मौके पर अफरा-तफरी का माहौल

रुद्रप्रयाग पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन पश्चिम बंगाल से आए श्रद्धालुओं को लेकर केदारनाथ धाम की यात्रा पर जा रहा था। अचानक वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ने से कार सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन राहत टीमों की तत्परता के चलते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

दो महिलायें गंभीर रूप से घायल

दुर्घटना में घायल यात्रियों की पहचान प्रिंस सिंह, सभीमा सिंह, सुजोन मुखर्जी, ऋजा मुखर्जी और वाहन चालक प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। इनमें दो महिला यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य तीन यात्रियों को हल्की चोटें लगी हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सुरक्षित गति से वाहन चलाने की अपील

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से एक बड़ी जनहानि टल गई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। चारधाम यात्रा के दौरान पहाड़ी मार्गों पर लगातार बढ़ते यातायात के बीच प्रशासन ने यात्रियों से सतर्कता बरतने और सुरक्षित गति से वाहन चलाने की अपील की है। वहीं, इस घटना में सभी यात्रियों के सुरक्षित बच जाने से राहत की सांस ली जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com