देहरादून: हिंदू युवक की हत्या के बाद सुलग उठा विकासनगर, भीड़ ने फूंका आरोपी का घर; भारी पुलिस बल तैनात

Dehradun Vikasnagar Violence:  विकासनगर में खेत में पानी लगाने के विवाद में हिंदू युवक की हत्या के बाद हिंसा भड़क उठी। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी का घर फूंक दिया, जिसके बाद प्रशासन ने इंटरनेट बंद कर दिया।
Dehradun: Vikasnagar flares up following the murder of a Hindu youth; mob torches accused's house; heavy police force deployed.
युवक के हत्या के बाद भारी तनाव, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Updated on

Dehradun Vikasnagar Violence News In Hindi: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून का विकासनगर क्षेत्र रविवार को सांप्रदायिक तनाव की आग में झुलस उठा। बैरागीवाला गांव में दो समुदायों के बीच मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद इतना हिंसक हो गया कि इसमें एक युवक की जान चली गई। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश बना हुआ है। कानून-व्यवस्था को बिगड़ते देख प्रशासन ने एहतियातन पूरे इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।

खेत में पानी लगाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत बैरागीवाला गांव के एक खेत में पानी लगाने को लेकर हुई थी। मामूली कहासुनी ने कुछ ही देर में हिंसक झड़प का रूप ले लिया, जिसमें लाठी-डंडों का खुलकर इस्तेमाल किया गया। इस हमले में विनोद नामक एक हिंदू युवक की मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर लाठी-डंडों के साथ गलियों में दौड़ते और लोगों पर हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

'बुलडोजर एक्शन' शुरू

युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में आक्रोश फैल गया। विभिन्न हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में गांव पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाइवे को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों का आक्रोश इतना अधिक था कि उन्होंने आरोपियों के एनकाउंटर और उनके अवैध निर्माणों पर 'बुलडोजर एक्शन' की मांग तक कर डाली। जिसके बाद बुलडोजर कार्रवाई शुरू हो गई है। उनका आरोप है कि कुछ लोग 'देवभूमि' के माहौल को कश्मीर जैसा बनाना चाहते हैं और यह एक सोची-समझी 'मॉब लिंचिंग' है।

प्रशासन अलर्ट, पुलिस की छापेमारी जारी

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे विकासनगर क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसपी देहात पंकज गैरोला ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन लोग आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव का अंतिम संस्कार न करने की जिद पर अड़े रहे।

वहीं, स्थानीय भाजपा विधायक मुन्ना चौहान ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और पुलिस को दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है ताकि इलाके में कानून-व्यवस्था बनी रहे।

Navbharat Live
navbharatlive.com