Dehradun News: सेलाकुई में मजदूरों का भारी हंगामा, फैक्ट्री में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी; कई पुलिसकर्मी घायल
Selaqui Labor Protest: उत्तराखंड के सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर मजदूरों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। इस दौरान हुए पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।
- Written By: अमन उपाध्याय
सेलाकुई में मजदूरों का भारी हंगामा, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Selaqui Labor Protest Violence News In Hindi: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों का आंदोलन अचानक भड़क गया। वेतन बढ़ोतरी और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने फैक्ट्री के बाहर जमकर हंगामा किया और सुरक्षा बलों पर पथराव शुरू कर दिया। इस हिंसक झड़प में कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
सहमति के बावजूद भड़की हिंसा
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह घटना विकासनगर क्षेत्र स्थित सेलाकुई इंडस्ट्रियल एरिया की है। एसपी देहात पंकज गैरोला ने जानकारी दी कि प्रदर्शनकारी मजदूरों की मांगों को लेकर एक दिन पहले ही लेबर कमिश्नर और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच सहमति बन गई थी। इसके बावजूद, शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में मजदूर फिर से कंपनी के बाहर जमा हो गए और अनावश्यक रूप से हड़ताल शुरू कर दी। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया और भीड़ ने पत्थरबाजी शुरू कर दी।
फैक्ट्री परिसर में तोड़फोड़ और दहशत
प्रदर्शनकारियों की पत्थरबाजी से न केवल पुलिसकर्मी चोटिल हुए, बल्कि फैक्ट्री परिसर को भी भारी नुकसान पहुंचा है। मौके पर खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और तोड़फोड़ की वजह से इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में भी इस घटना के बाद दहशत का माहौल है, जिसके कारण कई लोग अपनी दुकानों और घरों के अंदर ही दुबके रहे।
सम्बंधित ख़बरें
‘गौहत्या और माता-पिता की हत्या जैसा पाप’— बद्रीनाथ मामले पर सीएम धामी का सख्त संदेश
मार डालो या जो चाहो करो… बारुईपुर के दरिंदे प्रभास मंडल की मां ने शव लेने से किया साफ इनकार
चमोली में बारिश का कहर, नंदप्रयाग-नंदानगर मार्ग पर गिरा मलबा, बोल्डर से थमा ट्रैफिक
जम्मू-कश्मीर के शोपियां में बड़ा एक्शन! 4 दिन चले एनकाउंटर के बाद लश्कर का टॉप कमांडर जाकिर गनई ढेर
ड्रोन से निगरानी और पुलिस का सख्त पहरा
हालात को बेकाबू होते देख प्रशासन ने पूरे सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है। उपद्रवियों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया जा रहा है। पुलिस ने फिलहाल प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ दिया है और चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि दोबारा भीड़ इकट्ठा न हो सके।
अन्य कंपनियों के शामिल होने की आशंका
वर्तमान में तीन प्रमुख कंपनियों के मजदूर हड़ताल पर हैं। प्रशासन को अंदेशा है कि अन्य औद्योगिक इकाइयों के मजदूर भी इस आंदोलन का हिस्सा बन सकते हैं, जिससे स्थिति और अधिक बिगड़ सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है और औद्योगिक क्षेत्र में आने-जाने वालों की कड़ी निगरानी की जा रही है।
