हरिद्वार भगदड़: घायलों से मिले CM धामी, मृतकों-घायलों के लिए किया मुआवजे का ऐलान

Haridawar Stampede: हरिद्वार में स्थित मनसा देवी मंदिर में भगदड़ मचने से 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हुए है। सीएम पुष्कर सिंह धामी घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे हैं।
हरिद्वार भगदड़: घायलों से मिले CM धामी, 2-2 लाख के मुआवजे का किया ऐलान
सौजन्य (सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

CM Pushkar Singh Dhami : उत्तराखंड के हरिद्वार में स्थित प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां सीढ़ियों में करंट फैलने की अफवाह को लेकर भगड़ मच गई। जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हुए है। आनन फानन में सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हादसे में घायल सभी लोगों से मिलने ऋषिकेश एम्स पहुंचे। सीएम धामी ने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घायलों से मुलकात कर जानकारी दी कि, हमारी पहली प्राथमिकता है कि सभी घायलों को ठीक से इलाज मिले और वे जल्द स्वस्थ हो जाएं। घायलों के परिजनों से भी संपर्क करने कि कोशिश की जा रही है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्राप्त हो। पीड़ित परिवार के साथ हमारी पूरी संवेदनाएं हैं। सीएम ने बताया कि एक टोल फ्री नंबर जारी किया गया है।

मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हादसे में जान गवाने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता देने की भी घोषणा की है। साथ ही  घटना कि मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए है। इसे पहले सीएम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर घटना को लेकर दुख व्यक्त किया था।  उन्होनें लिखा कि  हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ मचने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। स्थानीय पुलिस तथा अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने दी जानकारी

हरियाली तीज होने के कारण श्रद्धालु दूर दराज से मंदिर में बड़ी संख्या में दर्शन करने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब सुबह अचानक भीड़ बढ़ गई। अफवाह फैलने से भगदड़ मच गई और लोग एक दूसरे के ऊपर गिरने लगे।  हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत राहत बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। साथ ही राहत और बचाव के लिए SDRF की तीन टीमें घटना स्थल पर मौजूद है।

राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने व्यक्त किया शोक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना को लेकर एक्स पर पोस्ट कर दुख व्यक्त किया है। पीएम ने लिखा कि 'मैं उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ में हुई जान-माल की हानि से अत्यंत दुःखी हूं। पीएम मोदी ने कहा कि अपनों को खोने वालों के प्रति संवेदना जताता हूं, साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com