वाराणसी में 14 'भाईजानों' ने बोट पर मनाई इफ्तार पार्टी, गंगा नदी में चिकन की हड्डी फेंकने के आरोप, पहुंचे जेल

Varanasi Viral Iftar Party: वाराणसी में गंगा नदी के बीचों-बीच नाव में बैठकर इफ्तार पार्टी करने और चिकन बिरयानी खाकर हड्डियां गंगा नदी में फेंकने के आरोप में पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया है।
Varanasi Viral Iftar Party
वायरल इफ्तार पार्टी (सोर्स- नवभारत डिजाइन)
Published on
Updated on

Varanasi Boat Iftar Party: धर्म नगरी वाराणसी में कुछ मुस्लिम युवक गंगा नदी के बीचों-बीच इफ्तार पार्टी करते हुए नजर आए। इन मुस्लिम युवकों पर आरोप है कि इन्होंने गंगा नदी के बीचों-बीच इफ्तार पार्टी मनाते हुए चिकन ब्रियानी खाकर चिकन की हड्डियां गंगा नदी में फेंकी। इस इफ्तार पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसको लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल की शिकायत पर इन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सोशल मीडिया पर इस इफ्तार पार्टी के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। जिसमें यह युवक नाव में बैठकर इफ्तार पार्टी मनाते हुए नजर आ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर दिखा रोष

इस इफ्तार पार्टी को लेकर सोशल मीडिया पर काफी रोष देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने इसे लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को टैग किया और वीडियो शेयर किया साथ ही लिखा कि वाराणसी में दिनदहाड़े 14 मुस्लिम युवकों ने हिंदू भावनाओं का अपमान किया। उन्होंने माँ गंगा में नाव पर इफ्तार पार्टी की, खूब बिरयानी खाई और फिर हड्डियों को कचरे की तरह पवित्र गंगा में फेंक दिया। उन्होंने हमारी आस्था पर थूका। साथ ही यूजर ने पोस्ट के आखिरी में सीएम योगी की आईडी को मेंशन करते हुए लिखा कि 'आपकी पुलिस सो रही है'।

सभी 14 युवक गिरफ्तार

वाराणसी के कोतवाली थाना अंतर्गत 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए सभी युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर सख्ती से पूछताछ की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इन सभी पर बीएनएस की धारा 298, 299, 296(1B), 270 और 279 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

कब अपलोड किया गया वीडियो

पुलिस जांच में पता चला है कि यह वीडियो 15 मार्च को अपलोड किया गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है। दरअसल, इस मामले के बारे में जानकारी देते हुए एसीपी कोतवाली विजय प्रताप ने बताया कि युवा मोर्चा से जुड़े रजत जायसवाल ने वीडियो को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि वीडियो में दिख रहे मुस्लिम युवक नाव में बैठकर चिकन बिरयानी खाने के बाद उसके अवशेष गंगा नदी में फेंक रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com