गैस की किल्लत के बीच खुशखबरी! गुजरात के वाडिनार पोर्ट पहुंचा 47 हजार टन LPG से लदा 'नंदा देवी' जहाज

LPG Ship Nanda Devi Vadinar Port: देश में एलपीजी की किल्लत के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय जहाज "नंदा देवी" 47 हजार टन LPG लेकर गुजरात के वाडिनार पोर्ट के पास मिड सी में पहुंचा है।
Ship 'Nanda Devi', Loaded with 47,000 Tons of LPG, Arrives at Gujarat's Vadinar Port
'नंदा देवी' जहाज (Image- Social Media)
Published on
Updated on

LPG Ship Nanda Devi: देश में एलपीजी की कमी के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय जहाज नंदा देवी करीब 47 हजार टन एलपीजी लेकर गुजरात के वाडिनार पोर्ट के पास पहुंच गया है। फिलहाल इस जहाज से गैस को दूसरे जहाज में ट्रांसफर किया जा रहा है।

दरअसल, एलपीजी कैरियर नंदा देवी दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी के वाडिनार टर्मिनल के पास मिड-सी में पहुंचा है। समुद्र के बीच ही इस जहाज से पूरी 47,000 टन एलपीजी को दूसरे जहाज में ट्रांसफर किया जा रहा है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद एलपीजी का आधा स्टॉक एन्नोर पोर्ट पर उतारा जाएगा, जबकि बाकी आधा स्टॉक हल्दिया पोर्ट भेजा जाएगा।

समुद्र के बीच दूसरे जहाज में ऑफलोडिंग

इसी बीच मुंद्रा पोर्ट पर खड़ा शिवालिक नाम का एलपीजी कैरियर भी अहम भूमिका निभा रहा है। यह जहाज पहले मुंद्रा पोर्ट पर 12,000 टन एलपीजी का स्टॉक ऑफलोड करेगा और इसके बाद वाडिनार के मिड-सी क्षेत्र में पहुंचेगा। बताया जा रहा है कि शाम तक शिवालिक जहाज भी अपना बाकी एलपीजी स्टॉक समुद्र के बीच दूसरे जहाज में ट्रांसफर करेगा। इसके बाद उस गैस को दहेज पोर्ट और मैंगलोर पोर्ट के दो अलग-अलग टर्मिनलों पर उतारा जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया से देश के अलग-अलग हिस्सों में एलपीजी की सप्लाई को संतुलित करने में मदद मिलेगी और गैस की कमी को कुछ हद तक दूर किया जा सकेगा।

मंत्रालय ने क्या बताया था?

शनिवार को पोत परिवहन मंत्रालय में विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने जानकारी दी थी कि एलपीजी कैरियर जहाज़ शिवालिक और नंदा देवी के क्रमशः 16 मार्च और 17 मार्च को भारत पहुंचने की उम्मीद है।

सिन्हा ने कहा था, “फ़ारसी खाड़ी क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में उनके साथ किसी भी अप्रिय घटना की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। फ़ारसी खाड़ी में इस समय 24 भारतीय ध्वज वाले जहाज़ मौजूद थे। इनमें से दो जहाज़ शिवालिक और नंदा देवी सुरक्षित रूप से उस क्षेत्र से गुजर चुके हैं और अब भारत की ओर बढ़ रहे हैं।”

उन्होंने यह भी बताया था कि नंदा देवी जहाज़ के गुजरात के बंदरगाह पर पहुंचने के बाद करीब 24 हजार मीट्रिक टन एलपीजी तमिलनाडु भेजी जाएगी, ताकि दक्षिण भारत में गैस की आपूर्ति को बेहतर बनाया जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com