गैंगस्टर विनय त्यागी की हत्या पर सबसे बड़ा खुलासा, अखिलेश ने स्क्रिप्ट लिखने वालों को किया सावधान!

Uttar Pradesh News: गैंगस्टर विनय त्यागी की शनिवार सुबह ऋषिकेश एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। AIIMS के ट्रामा सेंटर में उसका इलाज चल रहा था। जिस पर अखिलेश यादव ने सवाल उठाए हैं।
Akhilesh Yadav Vinay Tyagi
अखिलेश यादव (डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

Akhilesh Yadav on Vinay Tyagi Death: गैंगस्टर विनय त्यागी की शनिवार सुबह ऋषिकेश एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। AIIMS के ट्रामा सेंटर में उसका इलाज चल रहा था। हरिद्वार में 3 दिन पहले दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान ही विनय त्यागी पर फायरिंग हुई जिसमें वह घायल हो गया। यह घटना उस समय हुई जब पुलिस विनय त्यागी को कोर्ट में पेशी के लिए ले जा रही थी।

अब इस पूरे मामले पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज से लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने सवाल उठाए हैं, साथ ही तंज भी कसा है। उन्होंने कहा कि स्क्रिप्ट लिखने वाले अलर्ट हो सावधान हो जाएं। इसके साथ ही विनय त्यागी की बहन ने भी मामले में कई अहम खुलासे किए हैं।

'स्क्रिप्ट लिखने वाले सावधान हो जाएं'

अखिलेश यादव ने विनय त्यागी पर हुई फायरिंग मामले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा कि हर बार नई कहानी नहीं बनाई जाती है, कभी-कभी नये पात्रों के साथ दोहराई भी जाती है। उन्होंने आगे लिखा कि उत्तर प्रदेश में पटकथा लिखने वाले सावधान हो जाएं। अखिलेश ने इस पोस्ट के साथ ही उन्होंने एक पेपर की कटिंग भी शेयर की है।

जानिए क्या है यह पूरा मामला?

तीन दिन पहले हरिद्वार में दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना हुई। यह घटना बहुत ही नाटकीय, लगभग फिल्मी अंदाज़ में हुई। बंदूकधारियों ने एक पुलिस गाड़ी पर कई राउंड गोलियां चलाईं। जिससे एक पुलिस अधिकारी और विनय त्यागी घायल हो गए। त्यागी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन शनिवार सुबह चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। कुख्यात विनय त्यागी के खिलाफ 50 से ज़्यादा मामले दर्ज थे।

फिल्म सीन की तरह वारदात को अंजाम

यह पूरी गोलीबारी की घटना तब हुई जब पुलिस विनय त्यागी को सुनवाई के लिए कोर्ट ले जा रही थी। मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने पुलिस की गाड़ी का पीछा किया और ट्रैफिक जाम के दौरान लक्सर फ्लाईओवर के पास अचानक गोलियां चला दीं। गोलीबारी के बाद हमलावर भागने में कामयाब रहे। विनय त्यागी की मौत के बाद उनकी बहन सीमा त्यागी ने इस घटना को लेकर कई आरोप लगाए हैं।

बैग में NHAI ठेकेदार का काला धन

बहन सीमा के मुताबिक, देहरादून में 750 करोड़ रुपये की चोरी हुई थी। जिसमें सोना, चांदी और कैश शामिल था। उनका दावा है कि चोरी का सामान NHAI (नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया) के एक ठेकेदार का था, जिसने प्रवर्तन निदेशालय (ED) से बचने के लिए उसे एक दोस्त के घर में रखा था।

सीमा ने आगे कहा कि ठेकेदार और विनय के बीच पहले से दुश्मनी थी, जिसके कारण विनय ने चोरी की और चोरी का सामान अपने कब्जे में ले लिया। उनका आरोप है कि NHAI ठेकेदार ने फिर विनय त्यागी को मारने के लिए हत्यारों को हायर किया। इन आरोपों के बाद देखना दिलचस्प होगा कि इस मामले में और क्या कुछ खुलासे होते हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com