

Shreya Upadhyay Murder Case: श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में वांछित मुख्य आरोपी विवेक चौबे को राजातालाब पुलिस ने रविवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय श्रेया उपाध्याय निवासी ग्राम मरुई, थाना राजातालाब, 18 अगस्त 2026 को लापता हो गई थीं। इसके बाद 20 अगस्त को उनका शव रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव पश्चिमपुरा में बरामद हुआ था। इस संबंध में राजातालाब थाने में हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान और अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र के निर्देशन में राजातालाब पुलिस और एसओजी की चार टीमों का गठन किया गया था। इससे पहले 24 अगस्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान आरोपी पुनीत मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वहीं 27 अगस्त को रामसहाय चौबे को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक 7 सितंबर को राजातालाब पुलिस की टीम वांछित आरोपियों की तलाश और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले से जुड़ा आरोपी जगतदेवपुर की ओर जा रहा है। पुलिस ने इलाके में चेकिंग शुरू की तो एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर पैदल भागने लगा।
पुलिस का दावा है कि पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान विवेक चौबे उर्फ निखिल, पुत्र रामसहाय चौबे, निवासी नियार डीह, थाना चोलापुर के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार विवेक चौबे ने बताया कि श्रेया की शादी कहीं और तय होने से वह नाराज था। इसी कारण उसने अपने साथी पुनीत मिश्रा के साथ मिलकर 18 अगस्त को श्रेया की हत्या की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में मिली जानकारी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी के खिलाफ हत्या के मुकदमे के अलावा अवैध हथियार रखने के संबंध में आयुध अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।