

बच्छाव गांव में मकान की दीवार गिरने से तालाब में गिरीं दो बच्चियां
NDRF और पुलिस ने करीब 8 घंटे तक चलाया तलाशी अभियान
बुधवार सुबह आफिया और फलक को तालाब निकाला गया
Varanasi two girls death: वाराणसी में रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव गांव में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। मकान की दीवार अचानक ढह गई। इसके मलबे के साथ दो मासूम बच्चियां आफिया और फलक पास के तालाब में जा गिरीं। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों और ग्रामीणों ने बच्चियों की तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब आठ घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद बुधवार सुबह दोनों बच्चियों को बाहर निकाला गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान मकान की दीवार अचानक गिर गई। दीवार के मलबे के साथ दोनों बच्चियां पास में बने तालाब में जा गिरीं। रात का समय होने और तालाब में मलबा गिरने के कारण बच्चियों को तलाशने में काफी परेशानी हुई।
हादसे की सूचना मिलते ही खिरी चौकी प्रभारी धर्मेंद्र राजपूत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ को भी बुलाया गया। इसके बाद वाराणसी पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने मिलकर तालाब में बच्चियों की तलाश शुरू की। रातभर बचाव अभियान चलता रहा।
एनडीआरएफ की टीम ने करीब 8 घंटे की मशक्कत के बाद बुधवार सुबह दोनों बच्चियों को तालाब से बरामद किया। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
एक साथ दो मासूम बच्चियों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। बच्छाव गांव में शोक का माहौल है। दीवार गिरने से हुआ यह हादसा दो परिवारों की खुशियों को मातम में बदल गया।