

कुल 74,840 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग
शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था
सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा मतदान
Varanasi Teachers-Graduates MLC Elections: शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सदर तहसील स्थित मतदान केंद्र पर स्नातक और शिक्षक मतदाताओं की भीड़ देखने को मिली। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
इस चुनाव में स्नातक एमएलसी पद के लिए 24 प्रत्याशी और शिक्षक एमएलसी पद के लिए 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। वाराणसी सहित आठ जिलों में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर कुल 74,840 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 66,952 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 7,888 मतदाता शामिल हैं। मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।
मतदान के लिए कुल 102 बूथ बनाए गए हैं। इनमें स्नातक एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र के 73 मूल बूथ और आठ सहायक बूथ शामिल हैं, जबकि शिक्षक एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र के लिए 21 बूथ निर्धारित किए गए हैं। मतदाता वाराणसी, भदोही, जौनपुर, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र जिलों में बनाए गए मतदान केंद्रों पर वोट डाल रहे हैं।
मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और अन्य अधिकारियों की तैनाती की है। अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं और बूथों की निगरानी कर रहे हैं।
वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया है। मतदान केंद्रों पर जांच के बाद ही मतदाताओं को प्रवेश दिया जा रहा है। मोबाइल फोन, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और शस्त्रों को मतदान केंद्र के भीतर ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। वाराणसी में प्रशासन और पुलिस की टीमें मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर रख रही हैं, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।