वाराणसी को मिलेगी जाम से मुक्ति! गंगा-वरुणा किनारे बनेंगे एलिवेटेड हाईवे, 25,446 करोड़ रुपये होंगे खर्च

Varanasi Elevated Corridor Project ₹25446 Crore: बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से काशी में धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। व्यापार, परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने की संभावना है।
Varanasi traffic-jam-free
वाराणसी बनेगा जाम-मुक्त(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • गंगा और वरुणा नदी के किनारे कुल 89.2 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण प्रस्तावित

  • इसमें 25,446 करोड़ रुपये होंगे खर्च, चार पैकेजों के लिए मिलीं 32 निविदाएं

  • छह लेन की सड़क से शहर को मिलेगी जाम से बड़ी राहत

  • प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच होगी आसान

Ganga and Varuna Elevated Corridor Project: वाराणसी में लगातार बढ़ते यातायात के दबाव और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए दो बड़ी एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। गंगा और वरुणा नदी के किनारे कुल 89.2 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण प्रस्तावित है।

करीब 25,446 करोड़ रुपये की लागत वाली इन दोनों परियोजनाओं के लिए निजी निर्माण कंपनियों ने भी रुचि दिखाई है। परियोजनाओं के चार पैकेजों के लिए कुल 32 निविदाएं प्राप्त हुई हैं। इनमें वरुणा कॉरिडोर के दो पैकेजों के लिए 15 और गंगा कॉरिडोर के दो पैकेजों के लिए 17 निविदाएं शामिल हैं।

इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य शहर के भीतर यातायात का दबाव कम करना, प्रमुख मार्गों पर आवागमन सुगम बनाना और राष्ट्रीय राजमार्गों को रिंग रोड से बेहतर तरीके से जोड़ना है। इनके निर्माण से वाराणसी के साथ आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

वरुणा किनारे 43.2 किलोमीटर लंबा बनेगा कॉरिडोर

वरुणा नदी के किनारे 43.2 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। यह एनएच-31 को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ेगा। इस परियोजना पर 10,998.32 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसका निर्माण हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (एचएएम) के तहत कराया जाएगा। कॉरिडोर में छह लेन की सड़क के अलावा फ्लाईओवर, लूप, रैंप और सर्विस रोड की सुविधा विकसित की जाएगी।

इस कॉरिडोर के निर्माण से एनएच-31 और काशी रेलवे स्टेशन के बीच यात्रा का समय लगभग 40 मिनट से घटकर 20 मिनट होने का अनुमान है। यानी यात्रियों को करीब 50 प्रतिशत समय की बचत होगी। इस मार्ग पर वाहनों के लिए 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की सुविधा प्रस्तावित है। इससे वाराणसी एयरपोर्ट, काशी रेलवे स्टेशन, वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन, रामनगर और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचना आसान होगा।

Varanasi traffic-jam-free
सड़क हादसों पर लगाम: वाराणसी परिक्षेत्र में पुलिस का बड़ा एक्शन, 289 अवैध कट बंद और 1.90 करोड़ का चालान

गंगा किनारे 46 किलोमीटर का होगा एलिवेटेड कॉरिडोर

दूसरी महत्वाकांक्षी परियोजना गंगा नदी के किनारे 46 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर की है। इसे एनएच-19 से वाराणसी रिंग रोड को जोड़ने के उद्देश्य से विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर 14,447.64 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसका निर्माण भी हाइब्रिड एन्युटी मॉडल के तहत होगा।

इस परियोजना को दो पैकेजों में बांटा गया है, जिनके लिए 17 निविदाएं प्राप्त हुई हैं। कॉरिडोर में छह लेन की सड़क के साथ 910 मीटर लंबा केबल आधारित पुल और 1.32 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड फुट ओवरब्रिज-कम-मेजर ब्रिज बनाया जाना प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त लूप, रैंप और सर्विस रोड का भी निर्माण होगा।

60 मिनट का सफर 20 मिनट में पूरा होने का अनुमान

गंगा कॉरिडोर के निर्माण से एनएच-19, रिंग रोड, रामनगर और शहर के प्रमुख क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा। परियोजना के अनुसार एनएच-19 से काशी रेलवे स्टेशन के बीच एक प्रमुख मार्ग पर यात्रा का समय 60 मिनट से घटकर 20 मिनट रह जाएगा। वहीं दूसरे मार्ग पर 50 मिनट का सफर घटकर 25 मिनट में पूरा होने का अनुमान है। इससे यात्रियों को करीब 50 से 67 प्रतिशत तक समय की बचत हो सकती है।

इसके अलावा काशी विश्वनाथ मंदिर, बीएचयू, नमो घाट, रामनगर किला और गंगा के प्रमुख घाटों तक पहुंचने में भी सहूलियत होगी। पर्यटकों और श्रद्धालुओं को शहर के भीड़भाड़ वाले मार्गों से गुजरने की परेशानी कम होगी।

पर्यटन, कारोबार और आर्थिक गतिविधियों को मिलेगी रफ्तार

दोनों एलिवेटेड कॉरिडोर प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के तहत विकसित किए जाने की योजना है। इनसे वाराणसी के साथ चंदौली के प्रमुख क्षेत्रों को भी बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। मालवाहक वाहनों को शहर के भीतरी और व्यस्त मार्गों से गुजरने की मजबूरी कम होगी। इससे माल ढुलाई के समय और लागत में कमी आने के साथ सड़क सुरक्षा में भी सुधार की उम्मीद है।

बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से काशी में धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही व्यापार, परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की संभावना है। इन दोनों परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से वाराणसी के यातायात ढांचे में बड़ा बदलाव आने और पूर्वांचल के आर्थिक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Varanasi traffic-jam-free
वाराणसी रेंज में माफिया और संगठित अपराध पर कड़ा प्रहार; 24.59 करोड़ की संपत्ति जब्त, 301 नई हिस्ट्रीशीट खुलीं