

Sanjay Singh Ram Mandir Allegations: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने वाराणसी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान राम मंदिर ट्रस्ट पर गंभीर आरोप लगाते हुए कथित भूमि खरीद घोटाले और दानपात्र में हुई चोरी की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के नाम पर करोड़ों हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया है।
आप नेता संजय सिंह ने दावा किया कि अयोध्या की गाटा संख्या 247 की 0.645 हेक्टेयर नजूल भूमि, जिसकी सरकारी कीमत लगभग 2 करोड़ 92 लाख रुपये थी। उसे श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने 24 करोड़ रुपये में खरीदा। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन के इस सौदे ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
आप नेता ने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर निशाना साधते हुए कहा कि इससे पहले भी भूमि खरीद से जुड़े विवाद सामने आ चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं के चढ़ावे और दानपात्र से जुड़े मामलों में भी बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आई हैं।
आप नेता संजय सिंह ने दावा किया कि दानपात्र और चढ़ावे में 200 करोड़ रुपये से अधिक की कथित गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि इस मामलें में कई कर्मचारियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। संजय सिंह ने कहा कि यदि आम लोगों और विपक्षी नेताओं पर केंद्रीय एजेंसियां कार्रवाई कर सकती हैं तो राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े आरोपों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूरे मामले पर जवाब देने की मांग की। उन्होंने मांग की है कि आरोपों की स्वतंत्र जांच कराई जाए। इस मामलें में लिप्त दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और ट्रस्ट की कार्यप्रणाली की पारदर्शी समीक्षा की जाए। बता दें कि आप सांसद संजय के प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के प्रदेश व जिला स्तर के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।