

Narendra Modi Varanasi Flood Review: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों का जायजा लिया। प्रधानमंत्री ने वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी से टेलीफोन पर वार्ता कर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति के साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
नवभारत से बातचीत करते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि गंगा के बढ़ते जलस्तर से उत्पन्न परिस्थितियों की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। पीएम मोदी ने विशेष रूप से राहत शिविरों में रह रहे लोगों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं को लेकर महापौर से चर्चा की।
अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहत शिविरों में उपलब्ध कराई जा रही खाद्य सामग्री, स्वच्छ पेयजल, दवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत शिविरों में शरण लिए बाढ़ प्रभावित नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उन्हें समय पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
महापौर अशोक ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ने आपदा की इस घड़ी में राहत कार्यों को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ संचालन के निर्देश दिए है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के पार्षदों को आपसी समन्वय के साथ धरातल पर सक्रिय रहकर कार्य करने की बात कही है।
पीएम मोदी ने सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में जनता के बीच लगातार सक्रिय रहें और बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं की जानकारी लेते हुए उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और राहत कार्यों में किसी प्रकार की देरी नहीं करने और जरूरतमंद लोगों तक तत्काल मदद पहुंचाने का निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री ने बेहतर आपदा प्रबंधन पर जोर देते हुए कहा कि प्रशासन, नगर निगम, जनप्रतिनिधि और पार्षद आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। इससे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
गौरतलब है कि वाराणसी में गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण कई निचले इलाकों में बाढ़ का प्रभाव बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन और नगर निगम की ओर से राहत एवं बचाव कार्यों के साथ प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के इस दौर में पीड़ितों तक हरसंभव मदद पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और पार्षदों से जनता के बीच रहकर राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने और प्रभावित लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने का आह्वान किया।