

5.6 मीटर से 17.5 मीटर तक चौड़ी होगी सड़क
डॉ नीलकंठ तिवारी ने डीएम के साथ दालमंडी का किया निरीक्षण
अब निर्माण की रफ्तार पर प्रशासन की भी नजर
Dr Neelkanth Tiwari Inspection: काशी के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र दालमंडी में चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं विकास कार्यों का प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी के विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दालमंडी चौड़ीकरण और सड़क निर्माण कार्य की धीमी गति तथा उसमें हो रही देरी की समीक्षा संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ मौके पर किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने जोर देते हुए कहा कि बारिश की वजह से कार्य में देरी आयी थीं, किन्तु अब कार्य की प्रगति दिखनी चाहिए। 15 दिसंबर तक चलने लायक व 30 दिसंबर तक सीवर, पानी व सड़क आदि का प्रमुख कार्य हर हालत में पूरा होना चाहिए। उन्होंने जिलाधिकारी को आवश्यकता अनुसार अधिकारी नियुक्त करके इसकी मानिटरिंग प्रतिदिन कराये जाने हेतु कहा।
डॉ. तिवारी ने कहा कि स्थानीय नागरिकों द्वारा जल-जमाव व सीवर से संबंधित समस्यायों का संज्ञान आ रहा है जिसे त्वरित निस्तारण हेतु प्राथमिकता दिया जाये। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों से सम्बंधित अधिकारी व अभियंताओं से भी उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कार्य को प्राथमिकता दीजिये और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। काशी विश्वनाथ मंदिर मार्ग को सुगम बनाने के लिए चलाई जा रही इस परियोजना के तहत अधिकांश अवैध/चिह्नित भवन हटाए जा चुके हैं और अब निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि दालमंडी का चौड़ीकरण वाराणसी की महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में शामिल है। इसका उद्देश्य संकरी सड़कों के कारण लगने वाले जाम को कम करना और मैदागिन, नई सड़क, चौक तथा गोदौलिया क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाना है। परियोजना के तहत लगभग 650 मीटर लंबे दालमंडी मार्ग को मौजूदा करीब 5.6 मीटर चौड़ाई से बढ़ाकर लगभग 17.5 मीटर करने की योजना है।
अगस्त 2026 में विधायक नीलकंठ तिवारी ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई थी। परियोजना की लागत करीब 216 करोड़ रुपये बताई गई है। दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों को काशी विश्वनाथ धाम तक पहुंचने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने और व्यापारिक गतिविधियों को बेहतर बनाने का लक्ष्य है। दालमंडी परियोजना को लेकर स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों की निगाहें इसके जल्द पूरा होने पर टिकी हैं। निरीक्षण के बाद निश्चित रूप से निर्माण कार्य में तेजी आएगी और समय से कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।