

Bank Employees Strike 2026: बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की विभिन्न मांगों को लेकर वाराणसी में बैंककर्मियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एसबीआई की मुख्य शाखा के सामने सांकेतिक धरना देकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। बैंककर्मियों ने PLI में भेदभाव समाप्त करने के साथ कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच असमानता खत्म करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बैंककर्मियों ने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत बनाने में कर्मचारियों और अधिकारियों सभी का समान योगदान है, इसलिए सभी को एक जैसा न्याय और अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कथित तौर पर अपनाई जा रही ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति का विरोध करते हुए एकजुटता पर जोर दिया।
बैंककर्मियों ने सप्ताह में केवल पांच दिन काम की व्यवस्था जल्द लागू करने की भी मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनकी मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है। यदि सरकार और संबंधित स्तर से सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और व्यापक किया जाएगा।
बैंककर्मियों ने ऐलान किया कि मांगों के समर्थन में 11 सितंबर को देशभर में कामकाज ठप रखा जाएगा। इसके बाद सितंबर के अंत में 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि इसके बावजूद राज्य सरकार की ओर से मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान बैंककर्मियों ने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान निकालने की अपील की।