प्रतीकात्मक तस्वीर
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के भावनपुर थाना क्षेत्र में कक्षा नौ के एक छात्र ने अपने परिजनों के सामने खुद को गोली मार ली। पुलिस ने सोमवार को बताया कि छात्र की ओर से इंटरनेट पर खंगाली गई सामग्री से पता चला है कि वह यह जानने को उत्सुक था कि मौत के बाद आत्मा कहां जाती है। भावनपुर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि एपेक्स कॉलोनी में रहने वाले 15 वर्षीय छात्र ने अपने परिजनों के सामने खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि शनिवार रात हुई इस घटना के संबंध में अभी तक परिजनों ने तहरीर नहीं दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। उन्होंने कहा है कि खुद को गोली मारने से पहले छात्र ने इंटरनेट पर खंगाला था कि मौत के बाद क्या होता है, मृत्यु के तरीके और मौत के बाद इंसान की आत्मा कहां जाती है।
धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि छात्र के मोबाइल की जांच करने पर पता चला है कि उसने गरुड़ पुराण के बारे में सामग्री खंगाली थी। थाना प्रभारी के मुताबिक, छात्र के कमरे से घटना में इस्तेमाल तमंचा बरामद कर लिया गया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसके हाथ तमंचा कैसे लगा। उन्होंने बताया कि पुलिस की जांच में मां और बड़े भाई के डांटने से नाराज होकर छात्र के यह कदम उठाने की बात सामने आई है।
थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि परिजनों ने छात्र को गलत संगत में बैठने पर डांटा था और उसकी बुलेट बाइक भी बेच दी थी, जो उसे बहुत प्रिय थी। उन्होंने बताया कि छात्र का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।
उत्तर प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
मिली जानकारी के अनुसार, बड़ा भाई के इंटर करने के बाद कंपटीशन एग्जाम की तैयारी कर रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक गलत संगत में पड़ गया था। इसकी वजह से उसे मां और बड़ा भाई डांटते थे। उसकी बुलेट बाइक को कुछ समय पहले मां ने बेच दिया था, जिसकी वजह से वह गुस्से में था। मृतक की मां ने बताया कि उनके परिवार में एक साल में यह तीसरी मौत है। पहले पति की जान गई, 6 माह बाद फिर सास की। अब बेटे ने खुदकुशी कर ली है।