
Uttar Pradesh Top 10 News Today: उत्तर प्रदेश की दिनभर की वो बड़ी और अहम खबरें हम अपने पाठकों के लिए एक साथ लेकर आ रहे हैं। जहां आप केवल एक क्लिक में राज्य में हुई सियासी हलचल से लेकर सरकार की घोषणाओं और अपराध की दुनिया में क्या कुछ हुआ वो सबकुछ जान पाएंगे। आइए इस खास बुलेटिन में यूपी की दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात तड़के बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई। जेवर पुलिस स्टेशन इलाके में यमुना एक्सप्रेसवे पर नोएडा से आगरा जा रहे एक ट्रक की कार से टक्कर होने से चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड मामले में शामली पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। अंकित बालियान हत्याकांड मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है।
उत्तर प्रदेश के कासगंज में एक ट्रक और पिकअप गाड़ी की आमने-सामने की टक्कर में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि सोमवार तड़के कासगंज जिले में तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक पिकअप गाड़ी की एक लोडर ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के अभियान का शंखनाद कर दिया है। सोमवार को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्षों के साथ हुई बैठक में मिशन 2027 की तैयारियों पर उन्होंने मंथन किया। बैठक के बाद प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को जीत का फार्मूला बताया।
कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में सोमवार दोपहर पटाखा बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। मनौरी बाजार के पास स्थित पटाखा फैक्ट्री में अचानक हुए धमाके से फैक्ट्री पूरी तरह जमींदोज हो गई, आसपास के कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए।
आजमगढ़ जिले के नेहरू हॉल में आगामी गोरखपुर शिक्षक निर्वाचन और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से शिक्षक गोष्ठी बुलाई गई थी। शिक्षकों को पार्टी के पक्ष में एकजुट करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में सपा सांसद धर्मेंद्र यादव सहित जिले के मौजूदा सांसद, लालगंज सांसद और पार्टी के सभी विधायक मौजूद थे। इस गोष्ठी में बस्ती के सांसद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हुए बदलाव और महिला सुरक्षा की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पहले पूरे देश में बहुत पीछे हुआ करता था, लेकिन योगी आदित्यनाथ ने इसे आज देश के शीर्ष तीन राज्यों में लाकर खड़ा कर दिया है। पहले बेटियों के माता-पिता उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे, आज अपराधी और उनके घरवाले चिंतित रहते हैं।
कैंट में रविवार रात को महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। पारिवारिक विवाद के चलते देवर अपनी भाभी की हत्या करने आया था, लेकिन धोखे में उनकी बड़ी बहन को गोली मार दी।गोली की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस ने देवर समेत पांच लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद प्रो. राम गोपाल यादव ने मथुरा के गोवर्धन में देश की आर्थिक स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। गोवर्धन स्थित हनुमान बाग आश्रम में आयोजित भंडारे में शामिल होने पहुंचे।
आगरा पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस कर्मियों पर लगातार हो रही कार्रवाई के बीच एत्मादपुर थाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में पुलिसकर्मी गांव के बीच भीड़ के बीच एक युवक को रोककर उसकी तलाशी लेते नजर आ रहे हैं। तलाशी के दौरान युवक की कमर के पीछे से 315 बोर का तमंचा और जेब से दो जिंदा कारतूस मिलने का दावा किया गया है।