
Uttar Pradesh Top 10 News Today: उत्तर प्रदेश की दिनभर की वो बड़ी और अहम खबरें हम अपने पाठकों के लिए एक साथ लेकर आ रहे हैं। जहां आप केवल एक क्लिक में राज्य में हुई सियासी हलचल से लेकर सरकार की घोषणाओं और अपराध की दुनिया में क्या कुछ हुआ वो सबकुछ जान पाएंगे। आइए इस खास बुलेटिन में यूपी की दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि सरकार हर पीड़ित की उचित समस्या का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता और शीघ्रता से किया जाए।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के अब्दुल्लाह हॉल में सोमवार को मेस और साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर छात्राओं के विरोध के दौरान हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। छात्राओं ने अपनी समस्याओं को लेकर नारेबाजी करते हुए व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की। इसी दौरान छात्राओं और मौके पर पहुंची प्रॉक्टर टीम के बीच विवाद होने के आरोप लगाए गए।
आगरा में कलेक्ट्रेट परिसर से सटी करीब 10 हजार वर्गमीटर बेशकीमती जमीन को लेकर चल रहे विवाद में सोमवार को नया मोड़ आ गया। जिला प्रशासन की ओर से जारी नोटिस के जवाब में अंजुमन मोहमदिया सोसाइटी के सहायक सचिव हाजी जमीलुद्दीन कुरैशी कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपने पक्ष से दस्तावेज प्रशासन को उपलब्ध कराए।
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अपनी पैदाइश को लेकर की गई टिप्पणी पर सपा नेता ओम प्रकाश सिंह पर तीखा पलटवार किया है। सोशल मीडिया पर उन्हें ‘मित्र ओम प्रकाश सिंह जी’ संबोधित करते हुए राजभर ने कहा कि पिछले दो दिनों से उनका बयान सामने आ रहा है। बयान सुनकर उन्हें हैरानी नहीं हुई, बल्कि ओम प्रकाश सिंह पर तरस आया।
योगी सरकार ने जनसमस्याओं के प्रति लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाया है। वाराणसी में जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के निर्माण खंड (वि./यां.) में तैनात अधिशासी अभियंता पवन कुमार गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दिव्यांगता प्रमाण पत्र में मेडिकल बोर्ड और अपीलीय प्राधिकरण द्वारा दिव्यांगता प्रतिशत घटाए जाने के मामले में सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने नीट-यूजी 2026 के अभ्यर्थी आलोक कुमार गुप्ता को राहत देते हुए उसके दिव्यांगता प्रमाण पत्र को मान्य माना और दिव्यांग श्रेणी के तहत आरक्षण का लाभ देने का निर्देश दिया है।
उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन (एफएसडीए) विभाग की प्रयोगशालाओं में आउटसोर्स पर काम कर रहे बेंच केमिस्टों ने नौकरी से हटाए जाने का विरोध शुरू कर दिया है। बड़ी संख्या में बेंच केमिस्ट सोमवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर पहुंचे और अपनी बहाली की मांग की।
लखनऊ विश्वविद्यालय में लंबे समय से काम कर रहे करीब 100 सुरक्षा कर्मियों को अचानक हटाए जाने का मामला सामने आया है। नौकरी जाने से नाराज सुरक्षा कर्मियों ने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर विश्वविद्यालय के गेट नंबर-1 के पास धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की।
उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने की पात्रता हासिल करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या लगातार बढ़ती गई, लेकिन इसके मुकाबले शिक्षकों की भर्ती के लिए विज्ञापित पदों की संख्या काफी कम रही। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2011 से अब तक प्रदेश में 38,05,377 अभ्यर्थी शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पास कर चुके हैं।
संगम नगरी प्रयागराज में फ्रेंड्स ऑफ यूपी के कार्यकर्ताओं ने यूपी डायलॉग-ए डिकेड ऑफ यूपी के बैनर तले संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में योगी सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में हुए विकास, आर्थिक बदलाव, इंफ्रास्ट्रक्चर, कानून-व्यवस्था, निवेश, रोजगार और पर्यटन क्षेत्र में हुए परिवर्तन पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में 200 से अधिक कार्यकर्ता शामिल हुए।