जमींदार नहीं, गरीब राजभर समाज में पैदा हुआ...SP नेता के बयान पर ओपी राजभर का करारा तंज, कहा- तरस आता है

OP Rajbhar Caste Remark Controversy: अपनी पैदाइश पर टिप्पणी को लेकर ओपी राजभर ने सपा नेता ओम प्रकाश सिंह पर तीखा पलटवार करते हुए कहा- गरीब राजभर समाज में जन्म लेने पर मुझे गर्व है।
OP Rajbhar Hits Back SP Leader Om Prakash Singh
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभरसोर्स- IANS
Published on
Updated on

OP Rajbhar Hits Back SP Leader Om Prakash Singh: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अपनी पैदाइश को लेकर की गई टिप्पणी पर सपा नेता ओम प्रकाश सिंह पर तीखा पलटवार किया है। सोशल मीडिया पर उन्हें ‘मित्र ओम प्रकाश सिंह जी’ संबोधित करते हुए राजभर ने कहा कि पिछले दो दिनों से उनका बयान सामने आ रहा है। बयान सुनकर उन्हें हैरानी नहीं हुई, बल्कि ओम प्रकाश सिंह पर तरस आया।

उन्होंने कहा कि उनकी पैदाइश पर टिप्पणी इसलिए की गई, क्योंकि वह किसी जमींदार या ऊंची जाति में नहीं, बल्कि बेहद गरीब और असहाय राजभर समाज में पैदा हुए हैं।

राजभर ने किया पलटवार

राजभर ने कहा कि उन्हें राजभर होने का कभी दुख नहीं रहा बल्कि इस बात की खुशी है कि जिस समाज में पैदा हुए, उसके लिए कुछ करने की नीयत और हौसला उनके अंदर है। उन्होंने कहा कि चाहें तो वह भी ओम प्रकाश सिंह पर अनर्गल टिप्पणी कर सकते हैं, लेकिन छोटी जाति में पैदा होने के बावजूद राजभर समाज ने किसी व्यक्ति के माता-पिता पर गलत बयानबाजी करना नहीं सिखाया।

शायद वे लोग ईश्वर को नहीं मानते: ओम प्रकाश राजभर

ओम प्रकाश सिंह के माता-पिता को प्रणाम करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि कौन कब, कहां, किस कुल और किस जाति में पैदा होगा, यह कोई व्यक्ति तय नहीं करता। इसे परमात्मा तय करते हैं। इसके बाद राजभर ने सपा और ओम प्रकाश सिंह पर सियासी हमला तेज करते हुए कहा कि शायद वे लोग ईश्वर को नहीं मानते। अगर मानते होते तो भगवान राम, रघुकुल, सूर्यवंश और सनातन का अपमान करने वाली समाजवादी पार्टी में एक विधानसभा टिकट के लिए अपमान का घूंट पीकर नहीं पड़े रहते।

राजभर का ओम प्रकाश सिंह पर तंज

राजभर ने कहा कि वह कर्म करने में विश्वास रखते हैं और कर्म के फल की चिंता नहीं करते। उन्होंने राजभर समाज के साथ पिछड़ों, दलितों और शोषितों की आवाज बुलंद करने का प्रण लिया है और उसी को पूरा करने में लगे हैं। उन्होंने ओम प्रकाश सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें सपा का टिकट चाहिए तो बेशक लें। जनता सब देख रही है। वह उन्हें भी देख रही है और उनकी पार्टी को भी। समय आने पर नतीजा भी जनता ही देगी।

OP Rajbhar Hits Back SP Leader Om Prakash Singh
UP में बिजली आपूर्ति का नया रिकॉर्ड: देश में सबसे ज्यादा पूरी की मांग, कोयला संकट के बावजूद रिकॉर्ड सप्लाई

राजभर ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं है कि ओमप्रकाश सिंह अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगेंगे और वह उनसे माफी की अपेक्षा भी नहीं रखते। हालांकि एक बार अपने माता-पिता को याद करके जरूर सोचें कि उनके जैसे छोटी जाति में पैदा हुए व्यक्ति की पैदाइश को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना उचित है या नहीं। राजभर ने आखिर में लिखा कि बाकी ईश्वर उनका भला करे। इसके साथ उन्होंने ‘जय श्रीराम’ लिखकर अपनी पोस्ट समाप्त की। एजेंसी इनपुट के साथ...

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com