
Uttar Pradesh Top 10 News Today: उत्तर प्रदेश की दिनभर की वो बड़ी और अहम खबरें हम अपने पाठकों के लिए एक साथ लेकर आ रहे हैं। जहां आप केवल एक क्लिक में राज्य में हुई सियासी हलचल से लेकर सरकार की घोषणाओं और अपराध की दुनिया में क्या कुछ हुआ वो सबकुछ जान पाएंगे। आइए इस खास बुलेटिन में यूपी की दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता दिनेश शर्मा को अंडमान एवं निकोबार का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। अपनी नियुक्ति पर दिनेश शर्मा ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सहित केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया है। वहीं, कई अन्य नेताओं ने दिनेश शर्मा को बधाई दी है। दिनेश शर्मा ने एक्स पोस्ट में कहा, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का आभार।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर धर्मनगरी चित्रकूट पहुंचे। यहां पर मुख्यमंत्री ने भीषण बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई और जमीनी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मंदाकिनी नदी की बाढ़ से प्रभावित हुए सैकड़ों परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द जाना और उन्हें राशन किट व राहत सामग्री वितरित की।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर बनी एक अवैध मस्जिद को SDM, सिटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी में गिरा दिया गया। यह कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत ने पिछले महीने इस मस्जिद को अवैध घोषित करते हुए इसे गिराने के आदेश पर की गई। यूपी में सहारनपुर मे गिराई गई मस्जिद का मुद्दा गरमाया हुआ है। इस मामले पर समाजवादी पार्टी ने एक्शन लेते हुए प्रतिनिधिमंडल को वहां भेजने का ऐलान किया था।
गोरखपुर में रविवार को तेज बारिश के बीच राजघाट थाना क्षेत्र स्थित अंत्येष्टि स्थल पर दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के दौरान अचानक अंत्येष्टि स्थल पर बने भारी पत्थर के गुंबद पर तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात इतना भीषण था कि गुंबद का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर ढह गया।
कमिश्नरेट प्रयागराज के गंगानगर जोन में गो-तस्करी और गोवध से जुड़े संदिग्धों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार देर रात सघन गिरफ्तारी और सत्यापन अभियान चलाया। 5 ,6 सितंबर की दरम्यानी रात चलाए गए इस विशेष अभियान में 33 पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में 80 स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने 72 संदिग्ध अभियुक्तों का सत्यापन किया, जबकि चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई।
मुखयमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं और अन्य गंभीर आपात स्थितियों में मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को एकीकृत और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बड़ी पहल की जा रही है। इसके तहत यूपीटीईएन (उत्तर प्रदेश ट्रामा एंड इमरजेंसी नेटवर्क) को एक ऐसे एकीकृत आपात चिकित्सा नेटवर्क के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की गई है।
बस्ती जनपद के थाना वाल्टरगंज के पूर्व थानाध्यक्ष स्वर्गीय सूर्य प्रकाश सिंह द्वारा किए गए आत्मघाती कदम के पीछे की खौफनाक साजिश का पर्दाफाश करते हुए बस्ती पुलिस ने एक बड़े और शातिर हनीट्रैप गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस पूरे सिंडिकेट को संचालित करने वाली मुख्य आरोपी महिला, उसके पिता और गिरोह के कानूनी सलाहकार बने वकील को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सहारनपुर जिले में शनिवार कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद ध्वस्तीकरण के बाद सियासी माहौल गरमा गया। अब सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बनी अवैध मस्जिद को तोड़ने के बाद उसके बीच में एक गहरा कुआं मिला है। फिलहाल, पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद है और मस्जिद के बीच मिले कुएं को ढक दिया गया है। अवैध मस्जिद को गिराए जाने के बाद जब अधिकारियों ने मलबा हटाया, तो वहां तकरीबन 20 फीट गहरा कुआं मिला है।
कानपुर में साढ़ के हिरनी गांव में अचानक एक कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया। अचानक मिट्टी का एक घर ढह गया। इस दुखद घटना में, एक ही परिवार के पांच सदस्य मलबे के नीचे दब गए। अचानक भरभराक घर ढहने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और बचाव दल की मदद से, उन पांचों लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया और पतारा कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 4 घायलों को मृत घोषित कर दिया।
ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी की ओर से बाबा बागेश्वर के लिए दिए गए बयान पर तपस्वी छावनी पीठाधीश्वर जगतगुरु परमहंस आचार्य, साकेत भवन के महंत सीताराम दास और राम कचहरी चार धाम मंदिर के महंत शशिकांत दास की प्रतिक्रिया सामने आई है। संतों ने बाबा बागेश्वर के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि यह रघुबर का देश है, बाबर का नहीं।