

Rajghat Cremation Ground Lightning Strike Accident: गोरखपुर में रविवार को तेज बारिश के बीच राजघाट थाना क्षेत्र स्थित अंत्येष्टि स्थल पर दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के दौरान अचानक अंत्येष्टि स्थल पर बने भारी पत्थर के गुंबद पर तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात इतना भीषण था कि गुंबद का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर ढह गया।
इस हादसे की चपेट में आने से वहां मौजूद दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बारिश से बचने और आराम करने के लिए दो लोग गुंबद के नीचे खड़े थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से भारी पत्थर और मलबा सीधे उनके ऊपर आ गिरा। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े और तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही राजघाट थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। मलबे के नीचे दबे दोनों घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। घायलों में से एक व्यक्ति की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही गोरखपुर जिलाधिकारी (डीएम) दीपक मीणा अधिकारियों के साथ राजघाट अंत्येष्टि स्थल पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मातहतों से घटना के हर एक पहलू की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल प्रशासन को घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के निर्देश दिए।
इस अप्रत्याशित हादसे के बाद अंत्येष्टि स्थल के निर्माण की गुणवत्ता, गुंबद की बनावट और वहां तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) जैसे सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।