

UPPRPB Recruitment : उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे इंतजार के बाद होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तारीखें आधिकारिक रूप से घोषित कर दी गई हैं।
इस भर्ती के तहत कुल 41,424 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। खास बात यह है कि इस बार परीक्षा का आयोजन पहली बार उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा किया जा रहा है, जिससे प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की उम्मीद है।
भर्ती बोर्ड के अनुसार, परीक्षा का आयोजन 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। यह परीक्षा तीन दिनों तक अलग-अलग केंद्रों पर आयोजित होगी और हर दिन दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।
इस व्यवस्था का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा उम्मीदवारों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर देना है। परीक्षा राज्य के 74 जिलों में आयोजित की जाएगी, जिससे अभ्यर्थियों को नजदीकी केंद्र पर परीक्षा देने की सुविधा मिलेगी।
होमगार्ड भर्ती की भर्ती के उम्मीदवारों की सुविधा के लिए सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी कर दी गई है, जिससे वे अपने परीक्षा शहर की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लॉगिन करना होगा। वहीं एडमिट कार्ड परीक्षा से तीन दिन पहले जारी किए जाएंगे।
यानी 25 अप्रैल की परीक्षा के लिए 22 अप्रैल से, 26 अप्रैल के लिए 23 अप्रैल से और 27 अप्रैल के लिए 24 अप्रैल से एडमिट कार्ड डाउनलोड किए जा सकेंगे। अभ्यर्थी अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड की मदद से आधिकारिक वेबसाइट से एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं।