‘आई लव मोहम्मद’ विवाद पर जुलूस में लगे ‘सर तन से जुदा’ के नारे, यूपी में गहराया तनाव, 6 गिरफ्तार

यूपी में "आई लव मोहम्मद" विवाद पर निकाले गए जुलूस के दौरान तनाव फैल गया। भीड़ ने "सर तन से जुदा" जैसे भड़काऊ नारे लगाए जिससे स्थिति बेकाबू हो गई। पुलिस ने लाठीचार्ज और गिरफ्तारी कर हालात पर काबू किया।
unnao protest
उन्नाव में निकाला गया जुलूस, फोटो- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Protest in Unnao: उन्नाव में विवादास्पद नारेबाजी के चलते माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने हालात को काबू करने के लिए लाठीचार्ज किया और 6 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया। वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जा रही है।

उन्नाव के गंगाघाट इलाके में रविवार रात मुस्लिम समुदाय के युवकों ने कानपुर में दर्ज FIR के विरोध में जुलूस निकाला। रिपोर्ट्स की मानें तो इस दौरान “सर तन से जुदा” जैसे नारे लगाए गए, जिससे इलाके का माहौल तनावपूर्ण हो गया। जुलूस में शामिल कुछ युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया, जिससे भीड़ भड़क गई। इसके बाद वर्ग विशेष के लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। हालात को बेकाबू होता देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।

पथराव में कई लोग घायल

पथराव की घटना में 6 से अधिक लोगों को चोटें आईं। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए एसपी, एएसपी और एसडीएम समेत कई अधिकारियों ने मौके पर डेरा डाल दिया। पुलिस ने गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। एडिशनल एसपी अखिलेश सिंह ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

कानपुर के विवाद का असर उन्नाव तक

यह विरोध प्रदर्शन दरअसल कानपुर में "आई लव मोहम्मद" पोस्ट पर दर्ज हुई FIR के विरोध में था। सोशल मीडिया पर फैले विवाद ने कई जिलों में तनाव पैदा कर दिया, जिसका असर उन्नाव तक पहुंचा। प्रशासन ने हालात को काबू में रखने के लिए इलाके में फ्लैग मार्च और गश्त बढ़ा दी है। भीड़ को उकसाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी है।

जानकारी के मुताबिक ये मामला गंगाघाट नगर पालिका के शक्तिनगर और मनोहर नगर में रविवार की रात तकरीबन 8.दद बजे हुई। एसपी जयप्रकाश सिंह ने पुलिसबल के साथ मौके पर ASP अखिलेश सिंह और साथ में कई थानों की फोर्स को तैनात किया।

अब पुलिस ने इस पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात भी कही जा रही है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई फैसले लिए है। लोगों को उकसाने वालों को वीडियो फुटेज से चिन्हित कर पुलिस गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है. मामले में FIR दर्ज की गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com