अचानक शोर हुआ और फिर.. डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के जनरल कोच में बैठे यात्री ने बताई आखों देखी

उत्तर प्रदेश के गोंडा में चंडीगढ़ से डिब्रूगढ़ की ओर जा रही डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस (15904 )  के 14 डिब्बे पटरी से उतर गए। जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं 30 से अधिक लोग घायल हो गए। रेल हादसे से बच कर निकलने वाले कई पीड़ितों ने उस पूरे हादसे के बारे में जानकारी दी है।
Dibrugarh Express accident
डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस दुर्घटना (फोटो: पीटीआई)
Published on
Updated on

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के गोंडा में चंडीगढ़ से डिब्रूगढ़ की ओर जा रही डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस (15904 )  के 14 डिब्बे पटरी से उतर गए। जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं 30 से अधिक लोग घायल हो गए। यह घटना उत्तर पूर्वी रेलवे के अधिकार क्षेत्र में मोतीगंज और झिलाही रेलवे स्टेशन के बीच गोंडा स्टेशन के पास दोपहर करीब 2:37 बजे घटी। हादसे के बाद राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत फोन के माध्यम से जायजा लिया।

साथ ही अधिकारियों को जल्द से ज्लद पीड़ितों को राहत पहुंचाने का आदेश दिया। बीते एक महीने में 2 बड़ी रेल घटनाएं सरकार के काम के उपर सवाल खड़ा कर रही है। इससे पहले 17 जून को न्यूजलपाईगुड़ी में कंचनजंगा एक्सप्रेस को मालगाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी थी। इस हादसे में 10 लोगों की जान गई थी तो वहीं 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

पीड़ितों की आखों देखी

रेल हादसे से बच कर निकलने वाले कई पीड़ितों ने उस पूरे हादसे के बारे में जानकारी दी है। एएनआई से बातचीत करते हुए पंडित ने बताया कि "हम चंडीगढ़ से बिहार जा रहे थे। हम जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे। जब हमारा कोच पटरी से उतरा, तो मेरे बच्चे का हाथ फ्रैक्चर हो गया। मैं और मेरी पत्नी भी घायल हो गए। मुझे नहीं पता कि यह घटना कैसे हुई। जब कोच पलटे, तो हम खड़े हो गए और मेरे बच्चों के हाथ उसके नीचे आ गए। हम बैठे थे, तभी अचानक शोर हुआ और ट्रेन पलट गई।"

सीएम योगी ने क्या कहा

इस घटना को लेकर कहा जा रहा है कि गोंडा में चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के स्थान पर मरम्मत का काम चल रहा है। दुर्घटना का जायजा लेते हुए उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ  एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "गोंडा जिले में हुई रेल दुर्घटना अत्यंत दुखद है। जिला प्रशासन के अधिकारियों को युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाने तथा घायलों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर अस्पताल पहुंचाने और उनका समुचित उपचार करने के निर्देश दिए गए हैं। मैं भगवान श्री राम से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"

असम के सीएम 

वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने उत्तर प्रदेश में हुई चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस दुर्घटना पर दुख और चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, "आज उत्तर प्रदेश में चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ ट्रेन दुर्घटना के बारे में जानकर स्तब्ध हूं। मैं स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा हूं। असम से अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सहायता के लिए टीमें स्टैंडबाय पर हैं। हम सभी की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश करेंगे।"

मृतकों और घायलों को मुआवजा

रेल मंत्रालय की ओर से चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस दुर्घटना में मृतकों के परिवार को 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2.5 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) जांच के अलावा, रेल दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com