जौनपुर में पैसे के विवाद में बेटे ने माता-पिता की हत्या की, सिलबट्टे से वार कर शव नदी में फेंका

Uttar Pradesh News: जौनपुर में कलयुगी पुत्र ने प्रेम विवाह के बाद हुए पैसों के विवाद में बुजुर्ग माता-पिता की हत्या कर दी। किसी को पता न चले इसलिए शव गोमती नदी में फेंक दिए गए।
jaunpur police
मामले की जानकारी देते अधिकारी, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

UP Crime: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में रिश्तों को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। इकलौते बेटे अम्बेश कुमार ने पैसों के विवाद में अपने बुजुर्ग माता-पिता (श्याम बहादुर और बबिता देवी) की निर्मम हत्या कर दी और उनके शवों को नदी में फेंक दिया।

उत्तर प्रदेश के जौनपुर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों को कलंकित कर दिया है। यह घटना जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक, इकलौते बेटे अम्बेश कुमार ने पारिवारिक विवाद और पैसों को लेकर अपने बुजुर्ग माता-पिता, बबिता देवी और श्याम बहादुर, की हत्या कर दी,। घटना बीते आठ दिसंबर की रात आठ बजे की है।

क्या बोली पुलिस?

एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी अम्बेश ने बताया कि 8 दिसंबर की रात पारिवारिक और पैसों के विवाद में उसकी माता-पिता से लड़ाई हो गई थी। सूत्रों के अनुसार, पुत्र ने प्रेम विवाह किया था, जिससे घर में पैसों को लेकर आए दिन विवाद होता रहता था।

सिलबट्टे से वार कर दिया मौत के घाट

आरोपी अम्बेश कुमार ने पुलिस को बताया कि लड़ाई के दौरान उसने गुस्से में अपने माता-पिता के सिर पर सिलबट्टे से वार कर दिया। इस प्रहार के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद, शवों को ठिकाने लगाने के लिए बेटे ने उन्हें बोरे में भरा,। एसपी सिटी ने पुष्टि की कि आरोपी ने बाद में शवों को ले जाकर गोमती नदी में फेंक दिया।

बेटी की गुमशुदगी की शिकायत से हुआ खुलासा

यह पूरा सनसनीखेज मामला घटना के पांच दिन बाद तब सामने आया, जब पीड़ितों की वाराणसी में रहने वाली बेटी वंदना देवी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। वंदना देवी ने 13 दिसंबर को जफराबाद थाने में अपनी माता बबिता देवी और पिता श्याम बहादुर की गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके माता-पिता 8 दिसंबर से लापता हैं। वंदना ने यह भी बताया था कि उनका भाई अम्बेश भी उन्हें ढूंढने निकला है।

तीनों की बरामदगी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान, पुलिस को आरोपी बेटे अम्बेश कुमार पर शक हुआ। सोमवार की शाम अम्बेश कुमार को घर के पास से पकड़कर गहनता से पूछताछ शुरू की गई, जिसके बाद उसने माता-पिता की हत्या की हैरान कर देने वाली घटना का खुलासा किया। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी के खुलासे के बाद तत्काल पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी पुत्र से गहनता से पूछताछ कर रही है और उसकी निशानदेही पर गोमती नदी से शवों की बरामदगी का प्रयास कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com