

Prateek Yadav Death: प्रतीक यादव के निधन की खबर सार्वजनिक होते ही समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और परिवार के सदस्यों ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। अखिलेश यादव से लेकर धर्मेंद्र यादव तक ने पोस्ट कर दुख जाहिर किया।
प्रतीक यादव के बड़े भाई और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस क्षति को 'अत्यंत दुखद' बताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रतीक एक बहुत अच्छा लड़का था, वो अपनी मेहनत से कुछ करना चाहता था। वो आज हमारे बीच नहीं हैं। यह बहुत दुखद है। उन्होंने कहा कि कानून और उनके परिवार की बात हम मानेंगे। करीब दो महीने पहले उनसे मुलाकात की भी बात अखिलेश यादव ने कही।
परिवार के वरिष्ठ सदस्य और राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव ने प्रतीक के निधन को 'असामयिक' करार दिया और भावुक होते हुए लिखा कि ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें।
वहीं, शिवपाल सिंह यादव ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए प्रतीक के निधन पर गहरा दुख जताया और अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने भी इस खबर को अत्यंत दुखद बताते हुए दिवंगत आत्मा के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया।
व्यक्तिगत संदेशों के अलावा, समाजवादी पार्टी के आधिकारिक हैंडल से भी इस दुखद घड़ी में शोक संदेश जारी किया गया। पार्टी ने प्रतीक यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है।
38 वर्षीय प्रतीक यादव सक्रिय राजनीति से दूर रहते हुए अपने फिटनेस और रियल एस्टेट कारोबार पर काम कर रहे थे। वे राजनैतिक मंचों पर कम ही नजर आते थे, लेकिन संकट की इस घड़ी में समाजवादी परिवार की एकजुटता झलक रही है। अखिलेश यादव से लेकर शिवपाल यादव तक, सभी ने एक सुर में इसे परिवार के लिए एक बड़ी और अपूरणीय क्षति बताया है।
यह भी पढ़ें:
प्रतीक का असमय जाना न केवल यादव परिवार के लिए बल्कि उनके उन समर्थकों के लिए भी बड़ा झटका है। लखनऊ के सिविल अस्पताल में उनके निधन के बाद से ही पूरे प्रदेश से शोक संवेदनाओं का सिलसिला जारी है। सीएम योगी ने भी एक्स पर पोस्ट कर शोक संवेदना व्यक्त की।