'पैसे लो काम करो', MLA ने भरी सभा में अफसरों के सामने रखी 50 हजार की गड्डी-VIDEO

Uttar Pradesh News: सहारनपुर में बिजली विभाग के लापरवाह अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए विधायक राजीव गुंबर ने मीटिंग के दौरान अफसरों के सामने 50 हजार की गड्डी रखते हुए कहा कि पैसे लो पर काम करो।
MLA Rajiv Gumbar
मीटिंग में अफसरों के आगे नोटों की गड्डी लहराते हुए विधायक (सोर्स- वीडियो)
Published on
Updated on

Uttar Pradesh News: सहारनपुर सर्किट हाउस में ऊर्जा विभाग की विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक के दौरान नगर विधायक राजीव गुंबर ने विभागीय कार्यों में लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि रायवाला बाजार में सड़क के बीचोंबीच लगे दो बिजली के खंभों के कारण हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है।

विधायक की इस नाराजगी पर जवाब देते हुए विभागीय अधिकारियों ने कहा कि खंभों को हटाने का एस्टीमेट तैयार है, बस राशि जमा करनी है। यह सुनते ही विधायक राजीव गुंबर ने अधिकारियों के सामने 50 हजार रुपये की गड्डी रखते हुए कहा, 'कुछ तो शर्म करो...'

पैसे चाहिए तो मैं दे दूंगा: विधायक

उन्होंने अधिकारियों से कहा, जनहित के कार्यों के लिए अगर आपको पैसे चाहिए तो मैं दे दूंगा, आप तुरंत काम करवा दीजिए। मुझे पता है कि बिना पैसे के आपका काम नहीं होगा, इसलिए मैं पहले ही घर से लेकर आया हूं। अगर आपको और जरूरत हो तो मेरे घर से ले आइए, मैं अपनी जेब से जनता के कामों के लिए पैसे खर्च कर सकता हूं।

विधायक ने और क्या कुछ कहा?

विधायक ने शाकुंभरी विहार क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ग्रामीण फीडर से किए जाने पर आपत्ति जताई और कहा कि नगर विधानसभा का परिसीमन हुए वर्षों बीत गए हैं, फिर भी इन क्षेत्रों को शहरी फीडर से नहीं जोड़ा गया है। उन्होंने पेपर मिल रोड, इंदिरा कॉलोनी और टैगोर गार्डन में बेकार पड़े बिजली के खंभों को हटाने, अमरदीप कॉलोनी में लटकते तारों की मरम्मत और 66 केवी लाइन के टूटे इंसुलेटर की मांग की।

"...इसलिए मैं पैसे लेकर आया हूँ"

विधायक ने कहा कि आप लोग बिना पैसे के काम नहीं करते, इसलिए मैं पैसे लेकर आया हूँ। इस दौरान बिजली विभाग के अधिकारी सफाई देते नजर आए। लेकिन विधायक ने साफ कर दिया कि अब कोई बहाना नहीं चलेगा। काम चाहिए।

पहले भी दिखाए हैं तीखे तेवर

जब सड़क पर खतरनाक तरीके से बिजली के खंभे लगाए जाएंगे तो हादसे का जिम्मेदार कौन होगा? अधिकारी अपनी गलती छिपाने के लिए जनता से पैसे ऐंठ रहे हैं। यह पहला मामला नहीं है जब राजीव गुंबर के इतने तीखे तेवर सामने आए हों। हाल ही में उन्होंने बस स्टैंड की खस्ता हालत पर परिवहन विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई थी।

विधायक ने तोता चौक पर रखे ट्रांसफार्मर का भुगतान होने के बावजूद काम अधूरा रहने और जैन बाग बिजलीघर पर बार-बार बिजली कटौती का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान राजीव गुंबर के साथ भाजपा विधायक कीरत सिंह, देवेंद्र निम और सपा विधायक उमर अली खान भी मौजूद रहे।

Navbharat Live
navbharatlive.com