

Highlights
सहारनपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई की
पुलिस ने 2 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया
2 किलो से ज्यादा नशीला पदार्थ बरामद किया गया
Saharanpur News: सहारनपुर में जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तीतरों पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 83 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 16 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और 5,600 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई गढ़ीपुख्ता रोड पर गश्त और चेकिंग के दौरान की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शोएब पुत्र साजिद निवासी तितरवाड़ा, थाना कैराना, जनपद शामली और आस मोहम्मद उर्फ आशु पुत्र रियासत निवासी नवाजपुर, थाना नकुड़, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे अपने एक साथी के कहने पर बरेली से स्मैक लेकर आए थे। उनके अनुसार, बरेली में एक व्यक्ति ने उन्हें स्मैक के दो अलग-अलग पैकेट दिए थे। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपियों के तीसरे साथी ने उन्हें मोबाइल फोन और सिम कार्ड उपलब्ध कराए थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तीतरों में एनडीपीएस एक्ट की तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब नशा तस्करी के इस नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकों की जांच कर रही है, ताकि मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वालों और अन्य संलिप्त व्यक्तियों का पता लगाया जा सके।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार शोएब के खिलाफ सहारनपुर के गंगोह थाने में भी एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा दर्ज है, जबकि आस मोहम्मद के खिलाफ उत्तराखंड के लक्सर थाने में भी मुकदमा दर्ज बताया गया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।