

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की कुंडा विधानसभा सीट से विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने देर रात लखनऊ में हाई वोल्टेज ड्रामा किया। बीती रात वह अपनी मां से मिलने बहन साध्वी सिंह के लखनऊ स्थित घर पहुंचीं लेकिन जब घरवालों ने दरवाजा नहीं खोला तो उन्होंने वहां जमकर हंगामा किया। जानकारी के मुताबिक यह मामला हजरतगंज के सिल्वर ओक अपार्टमेंट का है। मामला बढ़ता देख पुलिस ने बीच-बचाव किया।
बताया जा रहा है कि भानवी सिंह अपनी मां से मिलने बहन के घर पहुंची थीं लेकिन जब किसी ने दरवाजा नहीं खोला तो उन्होंने हंगामा कर दिया। साध्वी ने 112 नंबर पर पुलिस को फोन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भानवी घर पर आती रहती हैं और उनके माता-पिता व बहन को धमकाती रहती हैं। वह आए दिन प्रॉपर्टी के मामले को लेकर विवाद करती रहती हैं।
पुलिस के अनुसार राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह मंगलवार की देर रात अपनी बहन के घर पहुंचीं लेकिन दरवाजा न खुलने पर वह आगबबूला हो गईं। हालांकि उन्हें समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया गया है। एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आ चुका है। जिसमें भानवी सिंह हंगामा करती नजर आ रही हैं। पुलिस के पहुंचने के बाद भानवी काफी मशक्कत के बाद शांत हुईं।
आपको बता दें कि राजा भैया और उनकी पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। उन्होंने राजा भैया पर अवैध संबंध, मारपीट समेत कई संगीन आरोप लगाए हैं। इतना ही नहीं दोनों के बीच तलाक का केस भी दिल्ली के साकेत कोर्ट में काफी समय से लंबित है। इस विवाद को लेकर राजा भैया ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। दोनों की शादी साल 1994 में हुई थी।
राजा भैया लगातार सातवीं बार कुंडा से निर्दलीय विधायक हैं। 2022 चुनाव से पहले उन्होंने अपनी पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक का गठन किया था। वह पार्टी के विधायक हैं। वह पूर्व में अखिलेश यादव, मुलायम सिंह यादव, राजनाथ सिंह की सरकारों में मंत्री भी रह चुके हैं। राजा भैया प्रतापगढ़ की भदरी रियासत के राजा उदय प्रताप सिंह के बेटे हैं।