PCS-2026 का नोटिफिकेशन जारी, 500 पदों पर भर्ती; 27 जुलाई तक करें आवेदन

UPPSC PCS 2026: यूपीपीएससी ने PCS-2026 भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दी है। विभिन्न पदों पर अभ्यर्थी 27 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। डिप्टी कलेक्टर, डिप्टी SP, BDO समेत कई पदों पर भर्ती की जाएगी।
UPPSC PCS 2026 Notification Released Applications Open for Administrative
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

UPPSC PCS Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक सेवा का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने संयुक्त राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस)-2026 भर्ती परीक्षा का विज्ञापन जारी करते हुए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर करीब 500 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी 27 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन और परीक्षा शुल्क जमा कर सकेंगे, जबकि आवेदन पत्र में संशोधन एवं त्रुटि सुधार की अंतिम तिथि 1 अगस्त निर्धारित की गई है।

वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) कराना अनिवार्य

आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन करने से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) कराना अनिवार्य होगा। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक ओटीआर नहीं कराया है, उन्हें आवेदन से कम से कम 72 घंटे पहले ओटीआर नंबर प्राप्त करना होगा, तभी वे आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

पीसीएस-2026 परीक्षा के लिए अभ्यर्थी की आयु 1 जुलाई 2026 को न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को शासन के नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि विभागों से प्राप्त अधियाचन के आधार पर रिक्त पदों की संख्या में बदलाव संभव है।

कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर की जाएंगी नियुक्तियां

इस भर्ती के जरिए डिप्टी कलेक्टर, डिप्टी एसपी, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ), सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ), जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, नायब तहसीलदार, जिला प्रोबेशन अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

इस बार मुख्यमंत्री फेलोशिप कार्यक्रम के शोधार्थियों को भी विशेष लाभ देने का प्रावधान किया गया है। फेलोशिप पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में अतिरिक्त वेटेज के साथ आयु सीमा में भी नियमानुसार छूट मिलेगी।

तीन चरणों में होगी चयन प्रक्रिया

चयन प्रक्रिया तीन चरणों—प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार—के माध्यम से पूरी होगी। प्रारंभिक परीक्षा वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) होगी, जबकि मुख्य परीक्षा वर्णनात्मक स्वरूप में आयोजित की जाएगी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही प्रतियोगी छात्रों में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवेदन करने की उम्मीद जताई जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com