

एसटीएफ प्रयागराज की टीम ने लखनऊ से गिरफ्तार किया
41 मुकदमों में वांछित 50 हजार का इनाम था
लखनऊ के ठाकुरगंज में पार्किंग स्टैंड से दबोचा
Accused Wanted Robbery Snatching Cases : लूट और छिनैती की वारदातों में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी गैंग सरगना बाबा उर्फ प्रताप गोसाईं को एसटीएफ प्रयागराज की टीम ने लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था। उसके खिलाफ गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और बाराबंकी समेत विभिन्न जिलों में 41 आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
एसटीएफ के मुताबिक वह सर्राफा कारोबारियों को निशाना बनाकर लूट और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का सरगना है।
एसटीएफ के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को आरोपी की गिरफ्तारी लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में कब्रिस्तान हॉस्पिटल परिसर के पास स्थित पार्किंग स्टैंड से दोपहर करीब 12:55 बजे की गई।
उसकी पहचान बाबा उर्फ प्रताप गोसाईं पुत्र श्रीराम गोसाईं, निवासी ग्राम कुम्हारवा, थाना करनैलगंज, जनपद गोंडा के रूप में हुई है।
वह बहराइच के कैसरगंज थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 98/2026 में वांछित था। इस मामले में बीएनएस की धारा 304(2), 309(4), 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत कार्रवाई की गई है।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि प्रताप गोसाईं सर्राफा कारोबारियों को निशाना बनाने वाले गिरोह का संचालन कर रहा है।
अप्रैल 2026 में कैसरगंज क्षेत्र में एक सर्राफा व्यापारी के साथ हुई लूट की घटना में भी उसका नाम सामने आया था।
इस मामले में गिरोह के तीन अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एसटीएफ के मुताबिक गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लखनऊ में छिपकर रह रहा था।
यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व वाली एसटीएफ प्रयागराज की टीम ने की। टीम में उपनिरीक्षक संजय सिंह, मुख्य आरक्षी हरबंस अहमद सिद्दीकी, पंकज सिंह, पंकज तिवारी, सुनील कुमार और चालक अखंड प्रताप पांडेय शामिल रहे।
एसटीएफ के मुताबिक आरोपी के आपराधिक इतिहास में लूट, छिनैती, चोरी, आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं के 41 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।