

Rescue Operation In The Ganges Prayagraj: तीर्थराज प्रयागराज में रविवार को गंगा के उफनते बहाव के बीच एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई। फाफामऊ पुल से गंगा में छलांग लगाकर जीवन समाप्त करने की कोशिश कर रहे 75 वर्षीय बुजुर्ग को एसडीआरएफ के जवानों ने अपनी सूझबूझ और साहस से मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। तेज बहाव के बीच चला यह रेस्क्यू ऑपरेशन मौके पर मौजूद लोगों के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं था।
रविवार दोपहर करीब 12 बजे फाफामऊ पुल पर मौजूद लोगों ने एक बुजुर्ग को अचानक गंगा में छलांग लगाते देखा। देखते ही देखते बुजुर्ग तेज बहाव में बहने लगे। राहगीरों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई। उसी समय नदी में तैनात एसडीआरएफ की टीम ने बिना देर किए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
गंगा का जलस्तर बढ़ने से नदी का बहाव काफी तेज था, जिससे बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया। इसके बावजूद एसडीआरएफ के जवान नाव और सुरक्षा उपकरणों के साथ बुजुर्ग तक पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद जवानों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। किनारे पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और जवानों की बहादुरी की सराहना की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पूछताछ में उनकी पहचान कीडगंज निवासी 75 वर्षीय व्यक्ति के रूप में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह लंबे समय से बीमारी से परेशान थे और मानसिक रूप से भी काफी तनाव में चल रहे थे। इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाने की कोशिश की।
एसडीआरएफ और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि परिवार का कोई सदस्य मानसिक तनाव या गंभीर बीमारी से जूझ रहा हो तो उसे अकेला न छोड़ें और समय पर चिकित्सकीय एवं भावनात्मक सहायता उपलब्ध कराएं। एसडीआरएफ के जवानों की तत्परता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि संकट की घड़ी में उनका साहस और मानवता कई जिंदगियों को नई उम्मीद दे सकता है।