Weather Update: मानसून की देरी से तप रहा प्रयागराज, भीषण गर्मी और उमस से बेहाल लोग; बारिश का बेसब्री से इंतजार
Prayagraj Weather: मानसून में देरी के कारण प्रयागराज भीषण गर्मी और उमस की चपेट में है। संगम क्षेत्र में श्रद्धालु, पर्यटक और स्थानीय लोग गर्मी से परेशान हैं, जबकि बारिश का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा।
- Reported By: ओमप्रकाश सिंह परिहार | Edited By: स्निग्धा श्रीवास्तव
प्रयागराज (सोर्स- फोटो नवभारत)
Prayagraj Today Weather Upadate: प्रयागराज में आसमान मानो आग उगल रहा है। मानसून की दस्तक में हो रही देरी और लगातार बढ़ते तापमान ने संगम नगरी को तपते तवे में बदल दिया है। हालात ऐसे हैं कि दोपहर में घर से बाहर निकलना लोगों के लिए चुनौती बन गया है। तेज धूप और उमस के बीच प्रयागराज देश के सबसे गर्म शहरों में शुमार हो रहा है।
संगम पहुंचने वाले श्रद्धालु, पर्यटक और स्थानीय लोग भीषण गर्मी से बेहाल हैं। प्रशासन ने कुछ चौराहों पर हरी पट्टी और छांव की व्यवस्था तो की है, लेकिन संगम क्षेत्र में राहत के पर्याप्त इंतजाम नहीं दिख रहे हैं।
सूरज की तपिश ने बढ़ाई उमस और गर्मी
सूरज की तपिश और उमस ने लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। दोपहर के समय सड़कें सूनी दिखाई दे रही हैं, जबकि जरूरी काम से निकलने वाले लोग सिर पर गमछा, छाता और पानी की बोतल लेकर चलने को मजबूर हैं। संगम क्षेत्र में दर्शन और स्नान के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु भी धूप से बचने के लिए छांव तलाशते नजर आ रहे हैं। गर्म हवाओं के बीच खुले आसमान के नीचे खड़े रहना मुश्किल हो गया है।
सम्बंधित ख़बरें
किसानों का बड़ा आंदोलन: 2 जुलाई से संगम में अनिश्चितकालीन जल सत्याग्रह; प्रशासन को दी आर-पार की चेतावनी
गर्मी का द एंड! दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में मानसून की एंट्री, IMD ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट
Maharashtra Weather: आज से सक्रिय होगा मानसून, मुंबई समेत 29 जिलों में येलो अलर्ट जारी, जानें आपके शहर का मौसम
प्रयागराज में ताजिये के रास्ते पर बवाल: पुलिस पर पथराव, महिला दरोगा समेत 6 पुलिसकर्मी घायल
यह भी पढ़ें- किसानों का बड़ा आंदोलन: 2 जुलाई से संगम में अनिश्चितकालीन जल सत्याग्रह; प्रशासन को दी आर-पार की चेतावनी
संगम क्षेत्र में शेड और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं
संगम किनारे प्रसाद, फूल-माला और पूजन सामग्री बेचने वाले दुकानदार भी भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। उनका कहना है कि रोजी-रोटी की मजबूरी में उन्हें तेज धूप में भी दुकान लगानी पड़ रही है। वहीं पर्यटकों का कहना है कि संगम क्षेत्र में पीने के ठंडे पानी, शेड और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से परेशानी और बढ़ जाती है।
मानसून की सक्रियता में देरी के कारण तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। जब तक अच्छी बारिश नहीं होती, तब तक लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में चिकित्सक भी लोगों को दोपहर में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दे रहे हैं।
फिलहाल प्रयागराज के लोग बारिश की पहली फुहार का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हर किसी की निगाहें आसमान पर टिकी हैं, ताकि मानसून आए और भीषण गर्मी से राहत मिल सके।
