

SRN Hospital Advocate Assault Allegation: स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में जूनियर डॉक्टर और एक वकील के बीच हुई मारपीट का मामला गरमा गया है। घटना में कार्रवाई की मांग को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मेडिकल कॉलेज चौराहे की ओर से सिविल लाइन्स की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्वरूप रानी अस्पताल के पास वकीलों ने चक्का जाम कर सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और सिविल लाइंस के दूसरे मार्गों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ने लगा।
चक्का जाम की सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसीपी स्तर के अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस अधिकारी प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं से बातचीत कर उन्हें समझाने और जाम समाप्त कराकर यातायात बहाल कराने का प्रयास कर रहे हैं।
एसआरएन अस्पताल में जूनियर डॉक्टर और वकील के बीच हुई मारपीट के बाद अधिवक्ताओं में नाराजगी है। इसी मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर हाईकोर्ट के वकीलों ने आंदोलन शुरू किया। वकीलों के प्रदर्शन के चलते मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई।
हाईकार्ट के अधिवक्ता सर्वेश शुक्ला एक अनाथ व्यक्ति को साथ लेकर स्वरूप रानी अस्पताल गये थे। अधिवक्ताओं के मुताबिक बीमार व्यक्ति के इलाज में विलंब होने पर सर्वेश शुक्ला द्वारा इसकी वजह पूछने पर जूनियर डॉक्टर मारपीट पर उतारू हो गए। अधिवक्ताओं का आरोप है कि अस्पताल के वार्ड में मौजूद जूनियर डाक्टर और कर्मचारियों ने अधिवक्ता सर्वेश शुक्ला को बाथरूम में बंद कर सुई चुभाते रहे। घायल अधिवक्ता का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।