

बिजनौर जिले की नहटौर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक ओम कुमार की सदस्यता इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द कर दी है
ओम कुमार ने वर्ष 2022 में नामांकन दाखिल करते समय हलफनामे में गलत जानकारी दी थी
ओम कुमार ने राष्ट्रीय लोकदल (RLD) प्रत्याशी मुंशी राम को 258 वोटों से हराया था
Om Kumar Election Cancelled: यूपी में चुनाव से पहले बीजेपी को एक बड़ा झटका लगा है। विधायक ओम कुमार का निर्वाचन इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया है। बिजनौर जिले की नहटौर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक ओम कुमार ने 2022 के विधानसभा चुनाव में महज 258 वोटों से चुनावी बाजी जीती थी। चुनाव याचिका पर फैसला सुनाते हुए जस्टिस सलिल कुमार राय की सिंगल बेंच ने ओम कुमार का निर्वाचन रद्द कर दिया।
2022 के विधानसभा चुनाव में ओम कुमार ने राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी मुंशी राम को महज 258 वोटों से हराया था। घोषित परिणाम में मिली हार के बाद मुंशी राम ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उनका आरोप था कि ओम कुमार ने चुनाव आयोग में दाखिल हलफनामे में अपनी आय से जुड़ी जानकारी छिपाई थी। इस मामले में उन्होंने याचिका दायर कर ओम कुमार के निर्वाचन की वैधता को चुनौती दी थी।
लंबी सुनवाई के बाद यह तथ्य सत्य पाया गया और जस्टिस सलिल कुमार राय की एकल बेंच ने ओम कुमार के निर्वाचन को निरस्त करने के आदेश दिए। हालांकि, इलाहाबाद हाईकोर्ट की ओर से ओम कुमार को सुप्रीम कोर्ट जाने के लिए 15 दिन की मोहलत दी गई है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट का यह फैसला यूपी की राजनीति में बेहद अहम है। अब सबकी नजरें सुप्रीम कोर्ट में होने वाली संभावित कानूनी कार्यवाही पर हैं।