

प्रयागराज एयरपोर्ट पर धीरेंद्र शास्त्री का भव्य स्वागत
कुंडा-बाबागंज में हजारों श्रद्धालुओं ने निकाली कलश यात्रा
श्रीराम कथा में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
Dhirendra Shastri Started Ram Katha Kunda Pratapgarh: कुंडा की धरती पर चार दिवसीय धार्मिक आयोजन को लेकर मंगलवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। श्रीराम कथा के शुभारंभ से पहले निकाली गई भव्य कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा क्षेत्र राममय हो उठा।
दूसरी ओर, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचने पर कुंडा विधायक एवं जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद राजा भैया स्वयं वाहन चलाकर उन्हें कुंडा के लिए रवाना हुए। आयोजन को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है।
रामकथा से पहले कुंडा, बिहार, बाबागंज, डेरवा, कालाकांकर, मानिकपुर और मनगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में निकाली गई कलश यात्राओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ।
सबसे आगे धर्म ध्वज और उसके पीछे पीले वस्त्रों में कलश धारण किए महिलाएं चल रही थीं। साधु-संतों और श्रद्धालुओं की टोलियों ने भजन-कीर्तन के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, फल और प्रसाद की व्यवस्था भी की गई थी।
तीन दिवसीय श्रीराम कथा के लिए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचे। यहां राजा भैया ने उनका स्वागत किया। विशेष आत्मीयता दिखाते हुए राजा भैया ने स्वयं वाहन की कमान संभाली और उन्हें लेकर कुंडा रवाना हुए।
कथा के आयोजन को लेकर आयोजकों की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। कथा स्थल पर विशाल पंडाल, श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल, भोजन-प्रसाद, चिकित्सा और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारी की है।
आयोजन के तहत श्रीराम कथा के साथ 20 नवंबर को दिव्य दरबार लगेगा। आयोजकों ने बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई है। कलश यात्रा में जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ विभिन्न वर्गों के लोगों की भागीदारी रही।
राजनीतिक और सामाजिक चर्चाओं के बीच इस आयोजन में धार्मिक सहभागिता भी प्रमुखता से दिखाई दी। पूरे क्षेत्र में भगवा पताकाओं, स्वागत द्वारों और सजावट के बीच श्रद्धालु कथा शुरू होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।