

रामकथा में धीरेंद्र शास्त्री ने सनातन, गौ-संरक्षण और राष्ट्रवाद को लेकर रखा बड़ा संकल्प
धार्मिक आयोजन में रही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए प्रतापगढ़ पुलिस ने किए सुरक्षा के विशेष इंतजाम
600 Districts Campaign 11000 Sewadars: जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया की ओर से बेंती राजभवन में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान धार्मिक आस्था के साथ सनातन, राष्ट्रवाद और सामाजिक संगठन का संदेश भी प्रमुखता से सामने आया।
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने देश के करीब 600 जिलों में बागेश्वर सेवा मंडल गठित करने का संकल्प जताया। उन्होंने अगले छह वर्षों में प्रत्येक जिले में 11 हजार बागेश्वर सेवादार तैयार करने का लक्ष्य रखा। उनके मुताबिक, यह अभियान सनातन संस्कृति, गौ माता, गंगा, गीता और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के लिए समर्पित रहेगा।
कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि भारत ऐसा देश होना चाहिए, जहां दुनिया के सताए हुए हिंदुओं को सम्मान और सुरक्षित स्थान मिल सके। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल धार्मिक कथा सुनाना नहीं, बल्कि समाज में एकता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना भी है।
उन्होंने सेवादारों की परिकल्पना बताते हुए कहा कि उनके घरों में गाय हो, दरवाजे पर राष्ट्रध्वज या भगवा ध्वज लहराए और आसपास के मंदिर स्वच्छ रहने के साथ नियमित पूजा-पाठ हो। प्रत्येक महीने बैठक कर सामाजिक एवं धार्मिक विषयों पर चर्चा करने की भी योजना है।
राजा भैया के इस धार्मिक आयोजन में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। श्रीराम कथा के अंतिम दिन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कथा श्रवण करने पहुंचे।
उनके साथ प्रसिद्ध कारसेवक बाबा सत्यनारायण मौर्य ने भी धीरेंद्र शास्त्री के श्रीमुख से रामकथा सुनी। इससे पहले कथा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों की उपस्थिति से आयोजन की चर्चा प्रदेशभर में रही।
आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे श्री हनुमान दल, श्री जामवंत दल और श्री अंगद दल के तीन हजार से अधिक स्वयंसेवकों से धीरेंद्र शास्त्री ने मुलाकात की। उन्होंने सेवाभाव, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए सभी को आशीर्वाद दिया। कई दिनों से व्यवस्था संभाल रहे स्वयंसेवकों में इस मुलाकात से उत्साह दिखा।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए प्रतापगढ़ पुलिस ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में ड्रोन कैमरों से कथा पंडाल, प्रवेश-निकास मार्गों, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी की गई।
भीड़ और यातायात की स्थिति पर नजर रखते हुए पुलिसकर्मियों को सतर्क रखा गया, ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
बेंती स्थित देवरहवा बाबा मंडपम में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया की ओर से आयोजित श्रीराम कथा के तीसरे दिन भी देश और प्रदेश की कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां पहुंचीं। कथा पंडाल में नेताओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों का जमावड़ा लगा रहा। सभी ने श्रद्धापूर्वक श्रीराम कथा का श्रवण किया और धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।
तीसरे दिन कथा सुनने पहुंचने वालों में उत्तर प्रदेश सरकार के संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, मंत्री कृष्णा पासवान, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, पूर्व कैबिनेट मंत्री जय प्रताप सिंह, राजकिशोर सिंह और महेंद्र सिंह शामिल रहे।
इनके अलावा गोसाईंगंज के विधायक राकेश सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत सिंह अटल, तेलंगाना के हिंदूवादी नेता एवं विधायक टी राजा सिंह, प्रतापगढ़ सदर विधायक राजेंद्र मौर्य, हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, रायबरेली सदर विधायक अदिति सिंह, लखीमपुर खीरी के विधायक रोमी साहनी और पूर्व विधायक धीरज ओझा भी कथा श्रवण करने पहुंचे।
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की इन हस्तियों की मौजूदगी से आयोजन की भव्यता और बढ़ गई। बेंती में आयोजित श्रीराम कथा में लगातार तीसरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। धार्मिक माहौल के बीच भक्ति और आस्था का संगम देखने को मिला।