

झांसी में प्रदीप मिश्रा शिव महापुराण की कथा करेंगे
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के प्रवचन और दरबार लगेगा
सदर विधायक रवि शर्मा करा रहे आयोजन
Jhansi Religious Event: झांसी में दिसंबर में बड़ा धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। इसमें कथावाचक प्रदीप मिश्रा शिव महापुराण की कथा करेंगे, जबकि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का प्रवचन और दरबार लगेगा। दोनों संतों के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन और आयोजन समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
आयोजक और सदर विधायक रवि शर्मा ने बताया कि प्रदीप मिश्रा 4 से 10 दिसंबर तक शिव महापुराण की कथा करेंगे। इसके बाद 11, 12 और 13 दिसंबर को धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के प्रवचन और दरबार का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
आयोजन स्थल पर करीब ढाई लाख वर्गफीट क्षेत्र में जर्मन हैंगर लगाया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए अलग कथा पंडाल बनाया जाएगा। इसके अलावा 100×600 फीट का भोजनालय तैयार होगा। वीआईपी मेहमानों के बैठने के लिए अलग व्यवस्था की जाएगी।
परिसर में अलग-अलग स्टॉल भी लगाए जाएंगे। प्रदीप मिश्रा की कथा के दौरान पार्थिव शिवलिंग निर्माण की भी तैयारी की जा रही है।
आयोजन को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कथा स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और आयोजन समिति के साथ पूरे परिसर का लेआउट देखा और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
डीएम ने कहा कि आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। इसलिए भीड़ को संभालने, यातायात, पार्किंग और अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके साथ ही पेयजल, भोजन, ठहरने और शौचालय की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
झांसी के डीएम ने कहा कि धार्मिक आयोजन को लेकर ऐसी बयानबाजी नहीं होनी चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं या आम लोगों की भावनाएं आहत हों। इस तरह की बातों को गंभीरता से लिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।