दो दिनों में पंजीकृत 1.27 लाख अभ्यर्थियों में से 1.03 लाख ने दी परीक्षा
दोनों पालियों को मिलाकर 24,523 महिला अभ्यर्थी उपस्थित हुईं, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों की 27,876 रही संख्या
परीक्षा में पारदर्शिता और नकलविहीन व्यवस्था सुनिश्चित, एआई कैमरों के जरिए की गई लाइव निगरानी
Assistant Professor Recruitment Exam: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन भी प्रदेशभर में परीक्षा शांतिपूर्ण और नकलविहीन माहौल में संपन्न हुई। छह मंडल मुख्यालयों के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में 18 विषयों की लिखित परीक्षा कराई गई।
दूसरे दिन की परीक्षा में कुल 63,505 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 52,399 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इस तरह उपस्थिति का प्रतिशत 82.51 रहा। वहीं 19 और 20 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय परीक्षा में कुल 1,27,571 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1,03,393 ने परीक्षा दी। दोनों दिनों की कुल उपस्थिति 81.04 प्रतिशत दर्ज की गई।
आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा मंडल मुख्यालयों पर परीक्षा का आयोजन निर्धारित व्यवस्था के तहत कराया गया। परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए आयोग की ओर से व्यापक निगरानी व्यवस्था की गई थी।
शुक्रवार को पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक आयोजित हुई। इसमें हिंदी, राजनीतिक शास्त्र, मनोविज्ञान, शस्य विज्ञान, कृषि आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन, कीट विज्ञान और एशियन कल्चर विषय शामिल रहे।
दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक हुई। इसमें समाजशास्त्र, रसायन विज्ञान, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, प्राणि विज्ञान, गृहविज्ञान, प्राचीन इतिहास, उद्यान विज्ञान, सैन्य विज्ञान, संगीत वादन और कृषि सांख्यिकी विषयों के अभ्यर्थी शामिल हुए।
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के मुताबिक, शुक्रवार की पहली पाली में 31,828 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 26,994 उपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति 84.81 प्रतिशत रही। दूसरी पाली में 31,677 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 25,405 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
यहां उपस्थिति का आंकड़ा 80.20 प्रतिशत रहा। दोनों पालियों को मिलाकर 24,523 महिला अभ्यर्थी उपस्थित हुईं, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों की संख्या 27,876 रही। महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 81.59 और पुरुष अभ्यर्थियों की 83.34 प्रतिशत दर्ज की गई।
परीक्षा में पारदर्शिता और नकलविहीन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आयोग मुख्यालय में एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम स्थापित किया गया था। यहां से परीक्षा केंद्रों पर लगे एआई कैमरों के जरिए लाइव निगरानी की गई।
अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के साथ आयोग के सदस्य, सचिव, परीक्षा नियंत्रक और उप सचिव भी निगरानी व्यवस्था में शामिल रहे। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर अभ्यर्थियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। अध्यक्ष ने दोनों दिन की परीक्षा को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित बताते हुए सफल आयोजन में सहयोग के लिए संबंधित जिलों के जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का आभार जताया।