

अपना दल (एस) की विजय संकल्प रैली में अनुप्रिया पटेल का शक्ति प्रदर्शन
मिर्जापुर के पूर्व जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की
अनुराग पटेल प्रतापगढ़ की विश्वनाथगंज सीट से चुनाव लड़ने सकते हैं
IAS Anurag Patel Joins Apna Dal: यूपी चुनाव से पहले अपना दल (सोनेलाल) ने प्रयागराज में विजय संकल्प रैली के जरिए शक्ति प्रदर्शन किया। रविवार को अलोपीबाग स्थित सरदार पटेल संस्थान में आयोजित रैली में केंद्रीय मंत्री और पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने अधिक सीटों पर जीत का लक्ष्य रखा।
इसी कार्यक्रम में मिर्जापुर के डीएम रहे पूर्व IAS अधिकारी अनुराग पटेल ने अपना दल (एस) की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके पार्टी में शामिल होने के बाद प्रतापगढ़ की विश्वनाथगंज विधानसभा सीट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अनुराग पटेल इसी क्षेत्र के मूल निवासी बताए जाते हैं। हालांकि, पार्टी ने अभी उनके चुनाव लड़ने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
अनुराग पटेल प्रशासनिक सेवा में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वह मिर्जापुर के जिलाधिकारी भी रह चुके हैं। अब उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा है। जिलाधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर काम करने के कारण उन्हें शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का अनुभव है।
उनके अपना दल (एस) में शामिल होने को पार्टी के संगठनात्मक विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, उनके गृह क्षेत्र विश्वनाथगंज में भी इस राजनीतिक कदम की चर्चा शुरू हो गई है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि पार्टी नेतृत्व उन्हें संगठन में क्या जिम्मेदारी देता है और क्या आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें मैदान में उतारा जाता है।
प्रयागराज में आयोजित विजय संकल्प रैली के जरिए अपना दल (एस) ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों का संदेश दिया। रैली में अनुप्रिया पटेल ने पार्टी को प्रदेश की तीसरी बड़ी राजनीतिक ताकत बताया। उन्होंने आगामी चुनाव में अधिक सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य रखा।
अनुप्रिया पटेल ने सामाजिक न्याय, पिछड़ों के आरक्षण और जातीय जनगणना जैसे मुद्दे उठाए। साथ ही कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
विजय संकल्प रैली में अनुराग पटेल की सदस्यता ने प्रतापगढ़ की राजनीति को भी चर्चा में ला दिया है। उनका गृह क्षेत्र विश्वनाथगंज होने के कारण इस विधानसभा सीट पर उनकी भूमिका को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
एक तरफ अपना दल (एस) 2027 के चुनाव में अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाने की तैयारी कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ पूर्व जिलाधिकारी अनुराग पटेल की पार्टी में एंट्री से विश्वनाथगंज सीट पर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, उनके चुनाव लड़ने को लेकर अभी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है।