अखिलेश यादव के कार्यक्रम में सपा का ही बगावत; मेजा विधायक संदीप पटेल के खिलाफ लगे मुर्दाबाद के नारे

Akhilesh Yadav Prayagraj: प्रयागराज में अखिलेश यादव के दौरे के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने मेजा विधायक संदीप पटेल के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने विधायक पर क्षेत्र की उपेक्षा समेत कई आरोप लगाए।
SP Workers Protest Outside Akhilesh Yadav's Prayagraj Event, Raise Slogans Against Meja MLA Sandeep Patel
सपा कार्यकर्ता (सोर्स- फोटो नवभारत)
Updated on

Akhilesh Yadav Visit To Prayagraj: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रयागराज दौरे के दौरान पार्टी के भीतर का असंतोष खुलकर सामने आ गया। कार्यक्रम स्थल के बाहर मेजा विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे कुछ कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाए, वहीं मेजा विधायक संदीप पटेल के खिलाफ जमकर मुर्दाबाद के नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने विधायक पर क्षेत्र की उपेक्षा और वित्तीय अनियमितताओं समेत कई गंभीर आरोप लगाए तथा अपनी शिकायत सीधे राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंचाने की मांग की।

मेजा सीट से किसी नए और सक्रिय चेहरे को मौका देने की मांग

प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने खुद को मेजा विधानसभा क्षेत्र का निवासी और समाजवादी पार्टी का सक्रिय कार्यकर्ता बताया। उनका कहना था कि क्षेत्र में विधायक के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी दोबारा संदीप पटेल को टिकट देती है तो इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि पार्टी मेजा सीट से किसी नए और सक्रिय चेहरे को मौका दे।

तख्तियों के जरिए जताया विरोध, लगाए तीखे नारे

कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे। तख्तियों पर विधायक के विरोध में कई नारे लिखे थे। एक तख्ती पर लिखा था, "अखिलेश यादव से बैर नहीं, संदीप पटेल की खैर नहीं", जबकि दूसरी पर "गली-गली में शोर है, मेजा विधायक कमीशनखोर है" जैसे नारे दर्ज थे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य पार्टी नेतृत्व का विरोध करना नहीं, बल्कि क्षेत्र की वास्तविक स्थिति से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराना है। उन्होंने मांग की कि उनकी शिकायत पर निष्पक्ष जांच कर उचित निर्णय लिया जाए।

कुछ देर रही अफरा-तफरी, विधायक की नहीं आई प्रतिक्रिया

कार्यक्रम स्थल के बाहर नारेबाजी के कारण कुछ देर तक हलचल का माहौल बना रहा। मौके पर मौजूद पुलिस और समाजवादी पार्टी पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। हालांकि कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे और राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात की बात कहते रहे।

विधायक संदीप पटेल पर लगाए गए आरोपों को लेकर उनकी ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं समाजवादी पार्टी की ओर से भी इस विरोध प्रदर्शन पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया ।

Navbharat Live
navbharatlive.com