

Pratapgarh House Collapse: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली पुलिस स्टेशन इलाके के महुली मोहल्ले में भारी बारिश के दौरान लगभग 100 साल पुराना एक घर ढह गया, जिससे एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। बताया जा रहा है कि मरने वालों में एक दंपत्ति, उनका बेटा, बहू और दो बच्चे शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि जब घर का ढांचा गिरा, तो परिवार के सभी सात सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे और मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस और बचाव दलों ने मलबा हटाकर पीड़ितों के शव निकाले, जबकि परिवार के एक सदस्य को जिंदा बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जांच चल रही है।
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में महुली इलाके में लगभग 100 साल पुराना घर ढह गया। भारी बारिश के दौरान घर गिरने से एक परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया, जिसके बाद पड़ोसी घटनास्थल पर जमा हो गए।
बचाव दल ने एक-एक कर पीड़ितों को बाहर निकाला। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जब बचाव दल उसके पास पहुंची तब उसकी सांसे चल रही थी। घायल बचे व्यक्ति अमन श्रीवास्तव को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
भारी बारिश के दौरान लगभग 100 साल पुराना घर गिरने और उसमें एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत होने की घटना पर पड़ोसन पूनम श्रीवास्तव ने बताया कि, "पूरा परिवार सो रहा था, तभी अचानक छत गिर गई। ऊपर की मंजिल का मलबा नीचे की मंजिल पर आ गिरा, जिससे सोते हुए सभी लोग अंदर ही फंस गए। घर के अंदर परिवार के सात सदस्य थे। एक व्यक्ति को जिंदा बचा लिया गया, जबकि दो बच्चों समेत छह अन्य लोगों की मौत हो गई।"
मृतकों की पहचान 60 वर्षीय प्रमोद श्रीवास्तव, उनकी पत्नी रीता (उम्र 55 वर्ष), बेटा नितिन (उम्र 25 वर्ष), बहू माधुरी (23 वर्ष), पोता माधव (एक वर्ष) और पोता अद्विक (10 महीने) के रूप में हुई। घायल युवक की पहचान अमन श्रीवास्तव के रूप में हुई।