राहुल गांधी पर मोदी का हमला...पीएम बनना चाहते हो तो लोगों के दिल जीतो, रैपिड मेट्रो रेल का किया उद्घाटन

PM Modi Meerut Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश की पहली रीजनल रैपिड रेल यानी नमो भारत ट्रेन का उद्घाटन किया। यूपी के मेरठ में देश की सबसे अत्याधुनिक और तेज मेट्रो ट्रेन दौड़ेगी।
pm modi attacks rahul gandhi win hearts to become pm rapid metro inauguration
मेरठ में कार्यक्रम को संबोधित करते पीएम मोदी। इमेज-सोशल मीडिया
Published on
Updated on

PM Modi Meerut Visit News : उत्तर प्रदेश की क्रांतिधरा मेरठ आज एक बार फिर ऐतिहासिक पलों की गवाह बनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां न केवल 12,930 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी, बल्कि मेरठ मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली-मेरठ के सफर को केवल 55 मिनटों में समेट दिया। लेकिन इस विकास उत्सव के बीच पीएम मोदी का एक अलग ही रौद्र रूप देखने को मिला, जब उन्होंने दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई समिट के दौरान कांग्रेस के प्रदर्शन पर तीखा हमला बोला।

एआई समिट में यूथ कांग्रेस के अर्धनग्न प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पूरा देश गर्व से भरा था कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा एआई सम्मेलन कर रहा है, लेकिन कांग्रेस के बेलगाम नेताओं ने विदेशी मेहमानों के सामने गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं कि देश तो पहले से जानता है कि आप नंगे हो, फिर कपड़े उतारकर देश की छवि खराब करने की क्या जरूरत थी?

कांग्रेस वैचारिक रूप से दरिद्र

पीएम मोदी ने कांग्रेस को वैचारिक रूप से दरिद्र बताते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन के अन्य दल जैसे टीएमसी, डीएमके या बसपा इस पाप में शामिल नहीं थे, केवल कांग्रेस ही देश को तबाह करने पर तुली है। उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठना है तो लोगों के दिल जीतने होंगे।

मर्यादाओं के टूटने का दर्द: मेरी मां को गाली दी, मेरी कब्र खोदना चाहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भावुक होते हुए कहा कि गांव में भी जब कोई मेहमान आता है तो पूरा गांव उसे सफल बनाने में जुट जाता है, लेकिन कांग्रेस अपने ही देश को बदनाम कर रही है। उन्होंने कहा, "इन्हें मोदी से नफरत है, ये मेरी कब्र खोदना चाहते हैं, मेरी मां को गाली देने से भी इन्हें परहेज नहीं है। ये सब हम सह लेंगे, लेकिन एआई समिट भाजपा का कार्यक्रम नहीं था, वो देश के सम्मान का कार्यक्रम था। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि ऐसी हरकतों के लिए विपक्ष शब्द का इस्तेमाल न करें, क्योंकि कांग्रेस के इस रवैये से उसके साथी दल भी अब किनारा कर रहे हैं।

विकास का 'रैपिड' प्रहार और चौधरी साहब को नमन

इससे पहले मेरठ पहुंचने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम का स्वागत किया। रैपिड रेल की खूबियां बताते हुए कहा गया कि सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच 13 स्टेशनों वाला यह सफर अब बेहद आसान होगा।

पीएम मोदी ने क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए बड़े एलान किए

MSME को नई ताकत : अब छोटे कारीगर और बुनकर ₹10 लाख से अधिक का सामान भी बिना सीमा के कोरियर से विदेश भेज सकेंगे। इससे मेरठ की कैंची, स्पोर्ट्स गुड्स और खुर्जा की क्राकरी को वैश्विक पहचान मिलेगी। चौधरी चरण सिंह का सम्मान : पीएम ने कहा कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देना उनकी सरकार का सौभाग्य है, जिन्होंने हमेशा किसानों और छोटे उद्योगों का विजन देखा।

विकास की पटरी पर कोई भी रोड़ा बर्दाश्त नहीं

मोदी का यह दौरा केवल मेट्रो का उद्घाटन नहीं था, बल्कि विकास की रफ्तार और राजनीति की मर्यादा के बीच एक स्पष्ट लकीर खींचने का प्रयास था। उन्होंने साफ कर दिया कि भारत को ग्लोबल पावर बनाने के सफर में विकास की पटरी पर कोई भी रोड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com