यूपी विधानसभा (फोटो-सोशल मीडिया)
UP Assembly Session: उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून 11 अगस्त से शुरू होगा। विधानसभा सचिवायलय की तरफ से शनिवार को एक आदेश में ये जानकारी दी गई। जारी आदेश में कहा गया कि राज्यपाल, उत्तर प्रदेश ने उत्तर प्रदेश की अठारहवीं विधानसभा को वर्ष 2025 के अपने दूसरे सत्र के लिए सोमवार, 11 अगस्त, 2025 को प्रातः 11 बजे विधान भवन, लखनऊ स्थित विधान सभा मंडप में बैठक के लिए आमंत्रित किया है।
इस वर्ष की शुरुआत में उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी से 5 मार्च तक चला था। यह सत्र तीन सप्ताह से अधिक समय तक चला। इस दौरान राज्य का 2025-26 के लिए ₹8 लाख करोड़ का बजट प्रस्तुत किया गया।
यूपी की विधानसभा अब अत्याधुनिक एआई कैमरों की निगरानी में होगी। इस मानसून सत्र में इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया जाएगा। आगामी शीतकालीन सत्र से इसे पूरी तरह से लागू कर दिया जाएगा। इस तकनीक के ज़रिए न सिर्फ़ सुरक्षा, बल्कि विधायकों की उपस्थिति, गतिविधियों और कामकाज का भी विश्लेषण किया जाएगा। इन एआई-आधारित कैमरों में चेहरे की पहचान करने वाली तकनीक होगी, जिससे ये विधायकों की सूची में दर्ज नामों और चेहरों की पहचान कर सकेंगे। साथ ही, हर विधायक का विस्तृत प्रोफ़ाइल सिस्टम में डाला जाएगा, जिसमें नाम, पार्टी, निर्वाचन क्षेत्र, लिंग, जन्मतिथि, फ़ोटो और अन्य व्यक्तिगत विवरण शामिल होंगे।
ये भी पढ़ें- महंगी वाली व्हिस्की हुई सस्ती, यूके ट्रेड डील पर अखिलेश का तंज; VIDEO वायरल
एआई तकनीक की मदद से यह रिकॉर्ड किया जाएगा कि कौन सा विधायक विधानसभा में आया, कितनी देर रुका, कितने विषयों पर बोला और भाषण में किन विषयों को शामिल किया। इतना ही नहीं, एआई विषय-आधारित सामग्री विश्लेषण भी करेगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने इस पूरी व्यवस्था को एक सकारात्मक पहल बताया है। उन्होंने कहा, “यह निगरानी का नहीं, बल्कि पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने का कदम है। विधायक वैसे भी जनता की निगरानी में होते हैं, इसलिए किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।”
विधानसभा सत्र में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी भाजपा को घेरने की कोशिश करेगी। इस बार सपा कांवड़ियों से जुड़े मुद्दे व अपराध के मुद्दे खास तौर पर उठा सकती है। वहीं दूसरी तरफ भाजपा जेपीएनआई योजना में भ्रष्टाचार और मस्जिद में सपा की मीटिंग पर काउंटर अटैक कर सकती है।