

Renovation Of Bilveshwar Nath Temple Meerut: कैंट विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं पौराणिक बिल्वेश्वर नाथ महादेव मंदिर, सदर कैंट के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण एवं भव्य कॉरिडोर निर्माण को लेकर विधायक अमित अग्रवाल के वर्ष 2024 से लगातार किए जा रहे इन प्रयासों को अब बड़ी सफलता मिलने जा रही है। पर्यटन विभाग द्वारा समग्र विकास को वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। मंदिर के विकास एवं निर्माण कार्य के लिए आवश्यक सर्वे की कार्रवाई भी शुरू हो चुकी है।
विधायक अमित अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले 23 जून 2024 को पत्रांक संख्या 4344 / वि०मे०कैंट /2024 के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री को पत्र भेजकर मंदिर के जीर्णोद्धार एवं कॉरिडोर निर्माण के लिए धनराशि आवंटित करने का अनुरोध किया था। उस समय मंदिर के विकास के लिए रुपए एक करोड़ की धनराशि आवंटित भी की गई थी।
हालांकि, मंदिर के पुजारियों तथा निजी व्यक्तियों द्वरा अपने को मंदिर का स्वामी बता दिए जाने के चलते उस समय धनराशि का उपयोग नहीं हो सका और वह शासन को वापस हो गई। विधायक अमित अग्रवाल ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए प्रयास जारी रखे और मंदिर के विकास की योजना को दोबारा आगे बढ़ाने के लिए शासन स्तर पर लगातार पत्राचार एवं प्रयास किया।
13 मार्च 2026 को पत्रांक संख्या 5739/वि०मे०कैंट/2026 के माध्यम से वर्ष 26-27 की कार्ययोजना में पुनः प्रदेश सरकार से बिल्वेश्वर नाथ महादेव मंदिर के विकास, अनुरक्षण एवं पुनरोद्धार-जीर्णोद्धार की मांग की। और पुनः 16 अप्रैल 2026 को पत्रांक संख्या 5864/वि०मे०कैंट/2026 के माध्यम से मेरठ के इस बिलेश्वरनाथ मंदिर एवं श्री विश्वनाथ महादेव मंदिर छत्ता अनन्त राम गुजरी बाजार के साथ साथ मेरठ के अन्य प्राचीन धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण एवं समग्र पर्यटन विकास का प्रस्ताव प्रदेश सरकार के समक्ष रखा।
17 मई 2026 को क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी मेरठ मण्डल दीपिका सिंह ने विधायक अमित अग्रवाल के साथ श्री बिलेश्वर नाथ महदेव मंदिर सदर का निरीक्षण एवं सर्वे किया। 23 जुलाई 2026 को आयुक्त मण्डल मेरठ के सभागार में माननीय पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुनः अमित अग्रवाल ने अपने प्रस्ताव पर बल देते हुए धनराशि स्वीकृत करने का आग्रह किया।
विधायक अमित अग्रवाल के प्रयासों बल देने हेतु उनके आग्रह पर मेरठ-हापुड़ के सांसद अरुण चन्द्रप्रकाश गोविल ने 27 जुलाई 2026 को पत्रांक लो.स.मे./1089/2026 के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री को पत्र भेजकर बिल्वेश्वर नाथ महादेव मंदिर के समग्र जीर्णोद्धार एवं भव्य कॉरिडोर निर्माण के लिए धनराशि आवंटित करने का अनुरोध किया।
सांसद अरुण गोविल के पत्र के संदर्भ में क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी मेरठ मंडल ने 31 जुलाई को पत्रांक 1275936/1561 द्वरा अपनी संस्तुति के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल किए जाने हेतु पत्र लिखा।
विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि यह कार्रवाई उनके लगातार दो वर्षों से अधिक समय से चल रहे प्रयासों का महत्वपूर्ण परिणाम है। मंदिर एवं उसके क्षेत्र के विकास के लिए अब विभागीय स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है और सर्वे भी कराया जा चुका है।