मेरठ में अपराधियों का तांडव; मवाना में स्कूल संचालक पर जानलेवा हमला, हस्तिनापुर में भी युवक को मारी गोली

Meerut Crime News: मेरठ में दो अलग-अलग वारदातों से हड़कंप मचा है। मवाना में स्कूल संचालक राहुल त्यागी पर जानलेवा हमला हुआ, जबकि हस्तिनापुर में रनिंग से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
 Meerut Crime: School Operator Attacked in Mawana, Youth Shot Dead Hastinapur
मेरठ मर्डर केस(सांकेतिक फोटो)
Published on
Updated on

Murder In Mawana And Hastinapur: यूपी के मवाना के राफन स्थित ऋषभ एकेडमी की प्रधानाचार्य रीना त्यागी के पति और प्ले स्कूल संचालक राहुल त्यागी पर जानलेवा हमले के बाद पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि शानु त्यागी उर्फ शानु चौहान ने अपने दो साथियों के साथ प्रीत नगर में राहुल त्यागी पर जानलेवा हमला किया और मौके से फरार हो गया। घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी शानु चौहान कहीं भी जाकर छिप जाए उसे गिरफ्तार कड़ी से कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए। इस घटना के बाद कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि शानु चौहान की नजर ऋषभ एकेडमी पर है और वह कथित तौर पर स्कूल पर अवैध कब्जा करना चाहता है। लोगों का कहना है कि जब स्कूल संचालक ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे संभव है।

जानिएं क्या है मामला?

दरअसल कस्बा मवाना के प्रीत नगर में राहुल त्यागी पुत्र सतपाल त्यागी निवासी गंगानगर प्ले स्कूल में शुक्रवार को बाइक पर सवार होकर आरोपी शानु चौहान अपने दो साथियों के साथ पहुंचा और जाते ही धारदार हथियारों से राहुल त्यागी पर जानलेवा हमला कर दिया। राहुल त्यागी ने बताया कि एक साल पहले भी उनकी पत्नी के साथ ऋषभ ने स्कूल में घुसकर मारपीट की थी। वहां के स्टाफ से भी शानु चौहान और उसके अपराधी साथियों ने मारपीट की।

 Meerut Crime: School Operator Attacked in Mawana, Youth Shot Dead Hastinapur
अमित गुप्ता मर्डर केस में पुलिस की नाकामी? हिस्ट्रीशीटर सोशल मीडिया पर एक्टिव, कानपुर कमिश्नरेट पर उठे सवाल

बाद में अपने कृत्य के लिए शानु चौहान ने माफी मांग ली थी, लेकिन माफी मांगने के बाद भी उसने अपने मंसूबे नहीं छोड़े। वह लगातार डराने धमकाने की कार्रवाई करता रहा। वहीं दूसरी ओर शानु चौहान की हरकत सीसीटीवी में कैद हो गयी है। सीसीटीवी पुलिस को मुहैय्या कर दी गयी है, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि अपराधियों को पीतल का मजा चखाने वाली उत्तर प्रदेश के सीएम योगी की पुलिस शानु चौहान जैसे अपराधी को कब पीतल का मजा चखाएगी।

कस्बे के तमाम लोग चाहते हैं कि ऐसा शख्स कस्बे में नहीं रहना चाहिए उसका असली ठिकाना जेल की सलाखें हैं। पुलिस ने शानु चौहान और उसके अपराधी साथियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

हस्तिनापुर कस्बे का है दूसरा मामला

दूसरा मामला हस्तिनापुर कस्बे का है जहां शुक्रवार देर शाम बदमाशों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। यहां गंग नहर के किनारे दो युवकों पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। इस हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हमलावर घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। जिस वक्त हमला हुआ, उस समय दोनों युवक रोज की तरह रनिंग पूरी करके बाइक से अपने घर लौट रहे थे।

माखननगर का रहने वाला था नितिन

यह मामला राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पास का है. बहसूमा थाना क्षेत्र के माखननगर गांव का रहने वाला नितिन अपने दोस्त प्रिंस के साथ बाइक से घर जा रहा था। नितिन दिल्ली पुलिस में भर्ती होने के लिए तैयारी कर रहा था और हर दिन दौड़ लगाने हस्तिनापुर आता था। जब दोनों दोस्त कॉलेज के पास पहुंचे, तभी पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।

 Meerut Crime: School Operator Attacked in Mawana, Youth Shot Dead Hastinapur
मेरठ में अब मेट्रो कनेक्टिविटी होगी बेहतर, फेज-2 में श्रद्धापुरी से जागृति विहार तक कॉरिडोर प्रस्तावित

इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हमलावरों ने बाइक रोकते ही नितिन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। नितिन ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल नितिन को पहले सीएचसी और फिर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इकलौता बेटा था नितिन, आरोपियों की तलाश तेज

सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि पुलिस नितिन हत्याकांड की वजह तलाशने में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस की मदद से जांच आगे बढ़ाई जा रही है। नितिन अपने परिवार का इकलौता बेटा था और कुछ महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और सघन चेकिंग अभियान चलाकर हमलावरों की तलाश की जा रही है।

क्या बोले एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति

हत्याकांड को लेकर एसएसपी मेरठ बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा कि टीमें इस हत्याकांड के खुलासे के लिए लगी हैं। कई टीमों का गठन किया गया है। हत्यारे जो भी हैं उन्हें अतिशीघ्र पकड़ने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। एसएसपी ने कहा जो भी तथ्य सामने आएंगे उनको जांच के दायरे में लेकर पुलिस कार्रवाई करेगी। हत्यारे किसी भी हालत में बख्शे नहीं जाएंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com