

ठाकुरजी ने चांदी की हटरी में भगवान श्रीराम के स्वरूप में दर्शन दिए
साल में एक बार होने वाले दुर्लभ हटरी दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे
मंदिर परिसर में दीपदान की अनुमति नहीं मिलने श्रद्धालु नाराज दिखे
Diwali Vrindavan Deepdan: मथुरा में कार्तिक मास और दीपावली के पावन अवसर पर ठाकुर बांकेबिहारी की नगरी वृंदावन भक्ति और आस्था के रंग में रंगी नजर आई। शहर के कोने-कोने में दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजावट की गई।
देश के अलग-अलग हिस्सों से हजारों श्रद्धालु ठाकुरजी के दर्शन और दीपदान करने के लिए वृंदावन पहुंचे। बांकेबिहारी मंदिर के साथ राधावल्लभ मंदिर, राधारमण मंदिर समेत अन्य प्रमुख मंदिरों में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
दीपावली पर ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर को रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी से सजाया गया। मंदिर की भव्य सजावट और भक्तिमय माहौल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। इस बार दीपावली का सबसे खास आकर्षण ठाकुर बांकेबिहारी जी के साल में केवल एक बार होने वाले दुर्लभ 'हटरी दर्शन' रहे।
चांदी की भव्य हटरी में विराजमान ठाकुरजी के दर्शन के लिए भक्तों में खास उत्साह दिखाई दिया। इस विशेष अवसर पर ठाकुरजी का मनमोहक श्रृंगार किया गया। उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का स्वरूप धारण कर भक्तों को दर्शन दिए। ठाकुरजी के राम स्वरूप की झलक पाकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। भक्तों ने जयकारे लगाते हुए अपने आराध्य के दर्शन किए।
एक ओर जहां दुर्लभ हटरी दर्शन ने भक्तों का मन मोह लिया, वहीं दूसरी ओर दीपदान की व्यवस्था को लेकर मंदिर प्रबंधन और हाई पावर कमेटी पर सवाल उठने लगे। कार्तिक मास और दीपावली में दीपदान का विशेष धार्मिक महत्व है। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु वृंदावन पहुंचते हैं।
आरोप है कि बांकेबिहारी मंदिर परिसर में दीपदान की अनुमति नहीं दी गई, लेकिन श्रद्धालुओं के लिए कोई उचित वैकल्पिक स्थान भी तय नहीं किया गया। इसके चलते कई भक्तों को मंदिर के बाहर नालियों के किनारे दीपक जलाने पड़े। नालियों के पास जलते दीपकों की तस्वीरें सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताई।
श्रद्धालुओं का सवाल है कि जब कार्तिक मास और दीपावली पर दीपदान का इतना महत्व है, तो मंदिर प्रबंधन ने पहले से ही सुरक्षित और साफ-सुथरे स्थान की व्यवस्था क्यों नहीं की? भक्तों का कहना है कि सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के नियम जरूरी हैं, लेकिन धार्मिक परंपराओं और श्रद्धालुओं की भावनाओं का ध्यान रखना भी मंदिर प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उनका कहना है कि यदि मंदिर परिसर में दीपदान की अनुमति नहीं थी, तो आसपास किसी दूसरे उपयुक्त स्थान पर इसकी व्यवस्था की जा सकती थी।
इस पूरे मामले ने मंदिर प्रबंधन और हाई पावर कमेटी की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र बांकेबिहारी मंदिर में दीपावली जैसे बड़े पर्व पर दीपदान के लिए उचित इंतजाम होने चाहिए थे।
अब सवाल उठ रहा है कि क्या आने वाले समय में मंदिर प्रबंधन और हाई पावर कमेटी श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए बेहतर व्यवस्था करेंगे?